स्वास्थ्य और खुशी परस्पर संबंधित हैं : पद्मश्री डॉ. बीकेएस संजय

नैनीताल, 10 जून (हि.स.)। पद्मश्री डॉ. बीकेएस संजय ने कहा कि स्वास्थ्य और खुशी परस्पर संबंधित हैं और एक दूसरे के सीधे आनुपातिक हैं। यदि आप स्वस्थ हैं, तो आप खुश हैं और यदि आप खुश हैं, तो आप स्वस्थ हैं। अच्छे स्वास्थ्य को प्राप्त करने के लिए आहार, व्यायाम, काम और नींद का समन्वय जरूरी है।

पद्मश्री डॉ. बीकेएस संजय सोमवार को वन निवास नैनीताल में 7 से 14 जून तक श्री अरविंद सोसाइटी के द्वारा आयोजित समर कैंप में मुख्य वक्ता के तौर पर बोल रहे थे। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक एवं स्पाइन सर्जन डॉ. जेपी सिंह के संयोजन में आयोजित इस शिविर में पद्मश्री डॉ. संजय ने कहा कि अगर हम आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करना चाहते हैं तो सरकार को सभी नागरिकों को अनुदान पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य, शिक्षा और भोजन की व्यवस्था करनी चाहिए।

डॉ संजय ने कहा कि योग, व्यायाम और नींद बिना कीमत के स्वास्थ्य वर्धक हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि हमें हर रोज एक कप ग्रीन टी, एक केला और एक नींबू, एक अंडा और एक ताजा फल अपने भोजन में अवश्य लेना चाहिए। उन्होंने यह सुझाव भी दिया कि हमें कम खाना चाहिए और अधिक काम करना चाहिए। यही स्वस्थ और सुखी जीवन का रहस्य है।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. नवीन जोशी/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर