हरिद्वार पहुंचने पर सतपाल ब्रह्मचारी का होगा भव्य स्वागत, तैयारियां शुरू

हरिद्वार, 11 जून (हि.स.)। सोनीपत (हरियाणा) से नवनिर्वाचित कांग्रेस सांसद सतपाल ब्रह्मचारी के 12 जून को हरिद्वार पहुंचने पर भव्य स्वागत करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 12 जून को सोनीपत से हरिद्वार के लिए मां गंगा के पूजन हेतु वे रवाना होंगे।

इस बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सबसे पहले नारसन बॉर्डर पर भव्य स्वागत किया जाएगा। उसके बाद जनपद में अनेक स्थानों मंगलौर, रुड़की, बहादराबाद टोल प्लाजा, पुल जटवाड़ा, श्री राम चौक, आर्यनगर चौक, चंद्राचार्य चौक, पुराना रानीपुर मोड़, ऋषिकुल तिराहा, शिवमूर्ति चौक से हर की पैड़ी तक आतिशबाजी और फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया जाएगा।

आर्यनगर चौक पर नवनिर्वाचित सांसद सतपाल ब्रह्मचारी के भव्य स्वागत की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता रफी खान के प्रतिष्ठान पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की एक बैठक हुई, जिसमें आर्यनगर के ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा कि आर्यनगर चौक पहुंचने पर सतपाल ब्रह्मचारी के पहुंचने पर भव्य आतिशबाजी के साथ साथ फूलमालाओं और ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि नव निर्वाचित सांसद सतपाल ब्रह्मचारी लगभग 11.30 बजे तक आर्यनगर चौक पर पहुंच जायेंगे।

वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता रफी खान व त्रिपाल शर्मा ने कहा कि यह हरिद्वार वालों के लिए गौरव के पल हैं और इस पल को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वह इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए 12 जून की सुबह 11.30 बजे तक आर्यनगर चौक पहुंचे।

बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, मनोज सैनी, महानगर सेवादल अध्यक्ष अश्विन कौशिक, रफी खान, खतीब खान, वीरेंद्र भारद्वाज, त्रिपाल शर्मा, महेंद्र गुप्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/दधिबल

   

सम्बंधित खबर