सोनीपत: जनता के आशीर्वाद से फिर लहराएंगे विजय का परचम: सुरेंद्र पंवार

सोनीपत, 11 जून (हि.स.)। सोनीपत क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र पंवार ने विश्वास जताया कि देवतुल्य जनता के आशीर्वाद से लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी की जीत सुनिश्चित होगी। वे मंगलवार को सेक्टर-15 स्थित अपने निवास पर लोगों से मुलाकात कर रहे थे।

पंवार ने कहा कि कांग्रेस के सुशासन में सभी का कल्याण हुआ है। लोकसभा चुनाव में मिले जन समर्थन से उत्साहित होकर, विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस को भारी समर्थन मिलेगा। कांग्रेस सरकार बनने पर हर जरूरतमंद को 100-100 वर्ग गज के नि:शुल्क प्लॉट दिए जाएंगे, जैसे पहले दिए गए थे। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह जनता को झूठे वादों से बरगलाने का काम करती है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा अपने वादे पूरे किए हैं। पंवार ने कहा कि लोकसभा चुनाव के परिणामों से भाजपा बौखला गई है और उसे विधानसभा चुनाव में अपनी हार का डर सताने लगा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि इस बार भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी और कांग्रेस को भारी बहुमत से विजयी बनाएगी।

मेहनत करने वालों का धन्यवाद

विधायक सुरेंद्र पंवार ने लोकसभा चुनाव में मेहनत और ईमानदारी से काम करने के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही, उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए और भी अधिक मेहनत के साथ पार्टी का प्रचार करने का संदेश दिया। पार्षद बिजेंद्र मलिक, संजय चार मरला, सुदर्शन बत्रा, रमेश बजाज, विकास शर्मा, रवि, कमल, राजेश, नीरज, संजय, नरेंद्र सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ नरेंद्र/संजीव

   

सम्बंधित खबर