चियांकी पहाड़ पर बनी टंकी की पाइप पांच फीट फटी, कई इलाकों में जलापूर्ति ठप

पलामू, 12 जून (हि.स.)।डालटनगंज के चियांकी पहाड़ पर बनी टंकी की मेन पाइप फट गयी है। करीब पांच फीट पाइप के फटने के कारण रेड़मा, बारालोटा, बड़कागांव सहित अन्य इलाकों में जलापूर्ति ठप हो गयी है। पाइप फटने की जानकारी भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व जिलाध्यक्ष परशुराम ओझा ने बुधवार को दी। इस मामले से नगर आयुक्त मो. जावेद हुसैन को भी अवगत करा दिया है।

सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए भाजपा नेता ने बताया है कि पाइप को अविलंब ठीक करने की आवश्यकता है, ताकि लोगांे को इस भीषण गर्मी में पेयजल मिल सके। कई इलाको में जलापूर्ति के अलावा पानी का दूसरा कोई प्रबंध नहीं है। इसी पर लोग निर्भर हैं। सप्लाई पानी एक दिन बीच करके दिया जाता है।

भाजपा नेता ने बताया है कि चियांकी पहाड़ की टंकी में तीन मोटर लगी हुई है। एक जल गयी है। एक से जलापूर्ति होती है। काफी गर्म हो जा रही है। वह भी कभी भी जल सकती है। तीसरी मोटर का स्टाटर में एक फ्यूज जल गया है। 15 दिन हो गए हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से बनाने के लिए विभाग को जानकारी दी गयी, लेकिन मरम्मत नहीं की गयी।

भाजपा नेता परशुराम ने नगर आयुक्त को जानकारी देते हुए कहा है कि हर बार मामलों को लेकर व्हाट्सएप पर जानकारी दी जाती है, रिप्लाई में हां तुरंत काम हो जायेगा, ऐसा मैसेज आता है, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी काम नहीं होे पाता है।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर