कॉलेजों में स्ट्रीम वाइज पढ़ाई का एआईडीएओ करेगा विरोध : सोहन महतो

खूंटी, 13 जून (हि.स.)। कोल्हान विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में स्ट्रीम वाइज पढ़ाई का प्रस्ताव कैबिनेट में भेजने का एआईडीएसओ कड़ा विरोध करेगा।

एआईडीएसओ के झारखंड प्रदेश सचिव सोहन महतो ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू होने के बाद पूरे देश में शिक्षा का हाल-बेहाल है। कोल्हान विश्वविद्यालय भी इससे अछूता नहीं है। कोल्हान विश्वविद्यालय के अंतर्गत विभिन्न महाविद्यालयों में सुदूर ग्रामीण क्षेत्र से छात्र-छात्राएं अध्ययन करने के लिए आते हैं। स्ट्रीम वाइज पढ़ाई से काफी छात्र पढ़ाई से दूर हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि शिक्षक की कमी का हवाला देकर उच्च शिक्षा विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा स्ट्रीम वाइज पढ़ाई का प्रस्ताव भेजा गया है। एआईडीएसओ इस निर्णय का विरोध करता है। विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षकों की कमी का हवाला देकर विभिन्न कॉलेजों से विभिन्न विषयों की पढ़ाई को समाप्त कर रही है। विगत एक वर्ष से अधिक समय से कोल्हान विश्वविद्यालय में कुलपति का पद रिक्त है, तो क्या विश्वविद्यालय को भी बंद कर देना चाहिए?

उन्होंने मांग की कि विश्वविद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति की जाए और स्ट्रीम वाइज पढ़ाई के निर्णय को वापस लिया जाए अन्यथा एआईडीएसओ उग्र आंदोलन करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/दधिबल

   

सम्बंधित खबर