उत्तर बंगाल में बारिश को लेकर बंगाल सरकार ने जारी किया अलर्ट

कोलकाता, 14 जून (हि.स.)। पड़ोसी राज्य सिक्किम में लगातार बारिश के कारण तबाही और तीस्ता नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद पश्चिम बंगाल सरकार अलर्ट हो गई है। उत्तर बंगाल के लिए विशेष तौर पर सतर्कता जारी की गई है। पश्चिम बंगाल सिंचाई विभाग ने राज्य के उत्तरी जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ गया है और इसके कारण जलपाईगुड़ी जिले में तीस्ता के दोनों ओर के इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।

तीस्ता राज्य की प्रमुख नदियों में से एक है और जलपाईगुड़ी जिला इस नदी के बाढ़ क्षेत्र में आता है। जिले के गाजोलडोबा में नदी पर एक बैराज बनाया गया है। पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में दार्जिलिंग और कलिंपोंग जिले सिक्किम की सीमा से सटे हैं, जहां गुरुवार को बारिश के कारण हुए भूस्खलन ने तबाही मचाई जिसमें छह लोगों की मौत हो गई।

अधिकारी ने कहा, ‘‘सिक्किम में बैराजों से पानी छोड़ने के कारण तीस्ता का जलस्तर बढ़ रहा है। इसे लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। तीस्ता का पानी तेजी के साथ नीचे की ओर आ रहा है और हमने सभी एहतियाती कदम उठाए हैं। सभी अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।’’

उन्होंने बताया कि जलपाईगुड़ी जिला प्रशासन तीस्ता के समीप रहने वाले लोगों से ऊंचे स्थानों पर जाने का अनुरोध कर रहा है। उन्होंने बताया कि मछुआरों को नदी में न जाने की सलाह दी गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘ कई जगहों पर तीस्ता नदी लगभग उपनगरों में घुस रही है। पहाड़ों से इतना पानी बहकर आ रहा है कि बैराज के लिए उसे रोक पाना संभव नहीं है। इसके परिणामस्वरूप समतल भूमि प्रभावित होगी। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण के लिए भेजा गया है।’’

जलपाईगुड़ी सदर उप मंडल कार्यालय के एक अधिकारी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि सभी ब्लॉकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘नावों से लेकर बचाव उपकरणों तक सब कुछ तैयार रखा गया है। स्थानीय लोगों को नदी के किनारे वाले स्थान खाली करने को कहा गया है।’’

उन्होंने बताया कि एक उप जिलाधिकारी जलढाका नदी की बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करने के लिए मयनागुड़ी गए थे। प्रशासन ओडलाबाड़ी ग्राम पंचायत के ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश

   

सम्बंधित खबर