हिमाचल प्रदेश में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा शुक्रवार, 47 तक पहुंचा पारा, शिमला-मनाली में भी गर्मी

Shimla

शिमला, 14 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में इस बार रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के मैदानी जिलों में सूरज आग बरसा रहा है। शुक्रवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन सबसे अधिक तापमान है। इसी बीच मौसम विभाग ने तीन दिन और भीषण गर्मी पड़ने का अलर्ट जारी किया है। लोगों को धूप में बाहर जाने से बचने की सलाह दी गई है। शिमला में 15, 16 व 17 जून को कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। प्री मानसून की दस्तक 18 जून से होने से बारिश का दौर शुरू होगा। तभी भीषण गर्मी से लोगों को निजात मिलेगी।

हमीरपुर का नेरी सबसे गर्म स्थल, 10 शहरों में चली लू

शुक्रवार को प्रदेश के 10 स्थानों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर रिकार्ड किया गया और इन स्थानों में लू चली। ऊना में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 43.1 डिग्री, धौलाकुआं में 43.2 डिग्री, हमीरपुर में 41.8 डिग्री, कांगड़ा में 41.2 डिग्री, सुंदरनगर में 40.8 डिग्री, चंबा में 40.4 डिग्री और बरठीं में 40.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक हमीरपुर का नेरी सबसे गर्म स्थल रहा, जहां शुक्रवार को अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस समर सीजन में पहली बार पारा इस स्तर तक पहुंचा है। इससे पहले बीते 29 मई को नेरी का पारा 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।

शिमला का माल रोड और रिज मैदान पर दोपहर में छाते लेकर चलते दिखे लोग

हिल्स स्टेशनों की बात करें तो शिमला में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। यहां सीजन में दूसरी बार आज पारा 31 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। शिमला में गर्मी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि यहां के एतिहासिक रिज मैदान और माल रोड दिन के समय वीरान नजर आ रहे हैं। यहां धूप से बचने के लिए लोग छाता लेकर निकल रहे हैं। सैलानियों की चहल-कदमी शाम को ही देखी जा रही है। मनाली भी गर्मी से अछूता नहीं है और यहां भी पारा 29 डिग्री पार कर गया है। यही हाल अन्य हिल्स स्टेशनों का है। शिमला के निकटवर्ती पर्यटन स्थल कुफरी में अधिकतम तापमान 26 डिग्री, किन्नौर के कल्पा में 26 डिग्री, लाहौल-स्पीति के केलांग में 20.4 डिग्री, डल्हौजी में 28.7 डिग्री, नारकंडा में 26.6 डिग्री और कसौली में 35 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।

18 जून से प्रदेश में बारिश से राहत मिलने के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि बारिश न होने से राज्य में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। सूर्य की उष्ण आग उगलने वाली किरण और ज्यादा उग्र रूप धारण किए हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगले तीन दिन तक लगातार गर्मी चरम पर रहेंगी। इस दौरान मैदानी इलाकों में लू चलने की आशंका बनी हुई है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। उन्होंने बताया कि 18 जून से प्रदेश में बादलों के बरसने से राहत मिलने के आसार हैं, क्योंकि इस दौरान प्रीमानसून के आने से बारिश होगी। उन्होंने बताया कि 18 से 20 जून तक प्रदेश के कई स्थानों पर अंधड़ व गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 23 जून के आसपास मानसून के प्रदेश में पहुंचने के आसार हैं, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील

   

सम्बंधित खबर