घर चलने से मना करने पर पत्नी का रेता गला

नई दिल्ली, 15 जून (हि.स.)। रोहिणी जिले के प्रेम नगर इलाके में ससुराल जाने से इंकार करने पर एक युवक ने पत्नी की तेजधार हथियार से गला रेत दिया। घायल महिला को उनके परिवार वालों ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इधर वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी को महिला के भाइयों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। आरोपित की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, घायल महिला की पहचान गीता देवी (25) के रूप में हुई है। वह पिछले चार महीने से किराड़ी सुलेमान नगर स्थित अपने मायके में रह रही थी। 12 जून की शाम उसका पति उसके घर आया और उन्हें साथ चलने के लिए कहने लगा। लेकिन उन्होंने जाने से इंकार कर दिया। इस बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। उसके बाद पति वहां से चला गया। 13 जून की सुबह वह बाहर बने शौचालय जाने के लिए घर से निकली। तभी राजकुमार ने पीछे से तेजधार हथियार से उनका गला रेत दिया। पीड़िता के चिल्लाने पर उनके भाई बाहर निकले और आरोपी को दबोचा। वहीं पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अश्वनी/अनूप

   

सम्बंधित खबर