सोने की तस्करी में गिरफ्तार चीनी नागरिक के पास मिला नेपाली नागरिकता का प्रमाणपत्र

काठमांडू, 18 जून (हि.स.)। नेपाल में 6 किलो सोने और 50 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार चीनी नागरिक के पास से नेपाली नागरिकता का भी प्रमाणपत्र मिला है, जिससे सरकार में हड़कंप मच गया है। अब इस बात की भी जांच की जा रही है कि चीनी नागरिक को नेपाली नागरिकता आखिर कैसे मिल गई?

दरअसल, पिछले साल हुए 100 किलो सोने की तस्करी के मामले की नए सिरे से हो रही जांच के दौरान दो दिन पहले एक और चीनी नागरिक की गिरफ्तारी हुई थी। उसके पास से पुलिस को 6 किलो सोना और 50 लाख रुपये नकद बरामद हुए थे। पुलिस ने जब उसके ठिकाने पर छापा मारा तो उसके पास से नेपाली नागरिकता का प्रमाण पत्र भी मिला है। फर्जी नागरिकता के सहारे सोने की तस्करी करने का खुलासा होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

सोने की तस्करी की जांच कर रहे नेपाल पुलिस की केन्द्रीय अनुसंधान ब्यूरो (सीआईबी) के प्रवक्ता हविन्द्र बोगटी ने बताया कि 100 किलो सोने की तस्करी की जांच के क्रम में 37 वर्षीय चीनी नागरिक शेरम ग्याल्मो को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से सोनाम शेर्पा के नाम का नेपाली नागरिकता का प्रमाण पत्र मिला है। बोगटी ने बताया कि यह प्रमाणपत्र सिन्धुपालचोक जिला प्रशासन कार्यालय से जारी किया गया है। उनके मुताबिक अब इस बात की भी जांच की जा रही है कि चीनी नागरिक को नेपाली नागरिकता आखिर कैसे मिल गई? इससे पहले भी 100 किलो सोने की तस्करी के क्रम में गिरफ्तार कुछ और चीनी नागरिकों के पास भी नेपाली नागरिकता का प्रमाण पत्र बरामद हुआ था, जिसके बाद कुछ सरकारी कर्मचारियों की भी गिरफ्तारी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज दास/सुनीत

   

सम्बंधित खबर