रोहतकः किरण चौधरी के पार्टी छोड़ने से कांग्रेस को होगा नुकसान: सुभाष बतरा

रोहतक, 19 जून (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुभाष बतरा ने तोशाम की विधायक किरण चौधरी के कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होने पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने माना कि किरण चौधरी के पार्टी छोड़कर जाने से कांग्रेस को नुकसान होगा। यह ठीक संकेत नहीं है। वे बुधवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि किरण चौधरी बड़ी नेता हैं। कांग्रेस पार्टी में 4 दशक तक काम किया है। पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पुत्रवधू हैं। दिल्ली विधानसभा में डिप्टी स्पीकर रही हैं। हरियाणा में 4 बार से विधायक हैं। हरियाणा सरकार में मंत्री और कांग्रेस विधायक दल की नेता रही हैं। उन्होंने कहा कि किरण चौधरी काफी समय से खुद को उपेक्षित महसूस कर रही थी। इसलिए उन्होंने निर्णय लिया है। बतरा ने बताया कि किरण चौधरी से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी। तब उन्होंने सलाह दी थी कि उन्हें कांग्रेस छोड़कर नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटा कार्यकर्ता भी पार्टी से जाता है तो नुकसान होता है। हालांकि बतरा ने यह भी कहा कि कांग्रेस समुद्र है।

उन्होंने बीजेपी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेताओं को मिलकर बीजेपी के खिलाफ लड़ाई लड़नी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ा है जबकि बीजेपी का वोट प्रतिशत घटा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में टिकट वितरण के दौरान सभी नेता मिलकर विचार-विमर्श करते तो हरियाणा में कांग्रेस की 10 सीट आ सकती थी।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/सुमन/संजीव

   

सम्बंधित खबर