विवेक हत्याकांड में 24 घंटे बाद भी एफआइआर नहीं, छापामारी तेज

पलामू, 19 जून (हि.स.)। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर अस्पताल चौक टाड़ मुहल्ला निवासी स्व. राजेन्द्र प्रसाद का पुत्र विवेक कुमार उर्फ बिल्ला कमलापुरी (22) हत्याकांड में 24 घंटे बाद भी एफआइआर दर्ज नहीं की गयी है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा आरोपियों की धड़ पकड़ के लिए छापामारी की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल ऑटो जब्त किया गया है।

थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने कहा कि प्रभावित परिवार आज अंतिम संस्कार में लगा रहा। पूरे दिन आवेदन का इंतजार किया गया, लेकिन शाम तक नहीं मिला। बावजूद संभावित हत्यारे की तलाश में पुलिस की टीम छापामारी अभियान चला रही है।

मंगलवार की देर शाम चैनपुर थाना क्षेत्र के कंकारी ननफुलिया में पंचायत सचिवालय से सटे मध्य विद्यालय के पास विवेक कुमार उर्फ बिल्ला कमलापुरी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। युवक को तीन से चार गोली मारी गयी। उसे गंभीर स्थिति में इलाज के लिए एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया था, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

बताया जाता है कि विवेक कुमार उर्फ बिल्ला कमलापुरी समेत कई युवक कंकारी ननफुलिया में पंचायत सचिवालय से सटे मध्य विद्यालय की ओर घूमने गये थे। सीएनजी टेम्पो एवं बाइक में सभी सवार थे। अचानक विवेक कुमार उर्फ बिल्ला कमलापुरी को गोली मार दी गई। गोली मारने के बाद टेम्पो एवं बाइक से सारे लोग भाग निकले। घटनास्थल के पास से तीन खोखा बरामद किया गया।

घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि कंकारी के दो अपराधियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। विवेक पिछले दो वर्षों से रांची में रहकर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। विवेक रांची में कहां और किस कंपनी में नौकरी कर रहा था, इसकी जानकारी परिजनों को भी नहीं थी। दो दिन पहले ही विवेक रांची से पलामू आया था।

इस बीच मंगलवार को वह घर से यह बात बोलकर निकला कि वह बकाया पैसे लेने के लिए जा रहा है, लेकिन मंगलवार की देर शाम को खबर मिली कि विवेक की गोली मारकर हत्या कर दी। विवेक के छोटे भाई विक्की ने बताया कि नेउरा के उत्तम कुमार पैसे देने के बहाने बुलाया था। आशंका जताई जा रही है कि उत्तम कुमार ने ही गोली मारी है। विवेक कुमार को चार गोली मारी गई है जिसमें तीन गोली पीठ में एक गोली सिर के दाहिने साइड में लगी है। विक्की ने बताया कि उतम के पास कितना पैसा बकाया था, इसकी जानकारी उसे नहीं है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम एमआरएमसीएच में किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर