भारी बारिश के कारण गुवाहाटी में कृत्रिम बाढ़

गुवाहाटी (असम), 20 जून (हि.स.)। बीते कई दिनों हो रही लगातार हो रही बारिश के कारण गुवाहाटी में कृत्रिम बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। राजधानी के विभिन्न हिस्सों में जलजमाव हो गया है, जिस कारण शहर का जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जलजमाव के कारण मणिराम देवान रोड समेत राजधानी की सड़कों पर यातायात बाधित हो गया है। जलजमाव के कारण गाड़ियां इन सड़कों पर फंसी हुई हैं।

ज्ञात हो कि राजधानी के अंदरूनी तथा बाहरी हिस्सों में अनेक स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण नाले टूटे हुए हैं। सड़कों को खोदकर रखा गया है। इनमें बारिश का पानी भर जाने के कारण स्थिति अत्यंत जटिल हो गई है। लगातार बारिश के कारण मणिराम देवान रोड के साथ ही हातीगांव, जीएस रोड, रुक्मिणी गांव, मालीगांव, बेलतला, राजगढ़, नबीन नगर और अनिल नगर सहित कई अन्य इलाके जलमग्न हो गए हैं।

गुवाहाटी में जल जमाव की समस्या कोई नई-नई है। यहां कई दशक से बरसात के दिनों में सड़कें डूब जाती हैं। पहाड़ों से पानी के साथ मिट्टी आकर नालों में भर जाता है, जिस कारण बारिश का पानी नालों के पानी के साथ मिलकर सड़कों पर बहता है। न सिर्फ गुवाहाटी शहर के पहाड़ों का पानी, बल्कि सोनापुर से लेकर खानापाड़ा तक के पहाड़ों का पानी गुवाहाटी शहर के बीच होकर ब्रह्मपुत्र में जाता है। जिस कारण पूरे शहर की स्थिति बरसात के दिनों में खराब हो जाती है। वर्तमान सरकार के साथ ही पूर्ववर्ती कई सरकारों द्वारा इस दिशा में कई कदम उठाए गए, लेकिन जल भराव की स्थिति जस की तस बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर