अशरफ की पत्नी जैनब के आलीशान घर पर चल रहा बुलडोजर

-50 करोड़ की वक्फ संपत्ति पर बनाए थे आलीशान मकान

प्रयागराज, 20 जून (हि.स.)। माफिया अतीक के भाई अशरफ की पत्नी फातिमा जैनब के पूरामुफ्ती के अकबरपुर गांव स्थित आलीशान भवन पर गुरुवार को पीडीए का बुलडोजर चला। तीन बुलडोजर इमारत को गिराने में लगे। पुलिस ने आसपास बैरिकेडिंग कर दी और भीड़ को वहां से हटा दिया गया।

पीडीए के अनुसार यह मकान वक्फ की सम्पत्ति पर बनाया गया है। इसको पहले ही कुर्क किया जा चुका है और तोड़ने की कार्रवाई आज हुई है। माना जा रहा है कि उमेश पाल हत्याकांड मामले में फरार चल रहे अन्य नामजद आरोपियों के घरों पर जल्द ही बुलडोजर चल सकता है। अकबरपुर में हुई इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारियों के साथ कई थानों की फोर्स और पीएसी तैनात रही। इस मकान में उमेश पाल हत्याकांड के कुछ दिनों बाद तक जैनब रही। मुकदमे में नाम आने के बाद वह घर छोड़कर फरार हो गई थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 2020 में अतीक-अशरफ का चकिया स्थित पैतृक मकान ढहाए जाने के बाद जैनब काफी दिनों तक हटवा गांव स्थित अपने मायके में रही थी। उसके रहने के दौरान कई बार पुलिस ने फरार चल रहे अशरफ की तलाश में वहां दबिश दी। सितम्बर 2020 में पीडीए ने उसके भाई जैद मास्टर के हटवा स्थित मकान को भी ढहा दिया था। एक साल पहले उसने पूरामुफ्ती के अकबरपुर, सल्लाहपुर स्थित वक्फ सम्पत्ति पर बने एक मकान को अपना ठिकाना बना लिया था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुतवल्ली ने ही जैद मास्टर के कहने पर जैनब को यह मकान रहने के लिए दिलवाया था। जैद व उसके भाई सद्दाम की मदद से ही उसने वक्फ की सम्पत्ति पर अवैध कब्जा कर इसे बेचा था। जैद मास्टर जैनब के सात भाइयों में से सबसे बड़ा है और कौशाम्बी स्थित इंटर कॉलेज में प्रवक्ता है। उसके दो भाई कमर व फैजी सऊदी अरब में रहते हैं। जैनब उर्फ रूबी उसकी पांच बहनों में से तीसरे नंबर की है। पुलिस अफसर ने बताया कि जैनब के घर से सटा हुआ उसके भाई जैद मास्टर का घर बना हुआ है। दोनों ने वक्फ बोर्ड की सम्पति पर कब्जा कर आलीशान घर बनवाया था। यह जमीन करीब 50 करोड़ रुपए की है।

बता दें कि, 26 फरवरी 2023 को प्रयागराज में वकील उमेश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तब से अशरफ की पत्नी जैनब एवं अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन फरार हैं। 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में अशरफ और अतीक की हत्या कर दी गई थी, तब से जैद मास्टर भी फरार था।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/सियाराम

   

सम्बंधित खबर