दलाई लामा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को 66वें जन्मदिन पर भेजा बधाई संदेश

धर्मशाला, 20 जून (हि.स.)। तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके 66वें जन्मदिन पर बधाई संदेश भेजा है। दलाई लामा द्वारा भेजे गए पत्र में उन्होंने इस महान और प्राचीन देश का नेतृत्व करने के लिए उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और सफल जीवन की शुभकामनाएं भेजी हैं।

उन्होंने लिखा कि करुणा और अहिंसा की दीर्घकालिक परंपराओं में निहित एक समृद्ध सभ्यता के साथ, भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश भी है। उसमें वैश्विक शांति और खुशहाली में योगदान देने की काफी क्षमता है। मैं व्यापक विश्व में भारत की ताकत और नेतृत्व की प्रशंसा करता हूं।

धर्मगुरू ने लिखा कि “हम तिब्बतियों के लिए, भारत हमेशा आर्य भूमि, महान लोगों की भूमि, हमारी आध्यात्मिक संस्कृति का स्त्रोत रहेगा। इसलिए, हम अपने भारतीय भाइयों और बहनों के प्रति बहुत सम्मान और अपनापन महसूस करते हैं। यही कारण है कि मैं मन और भावनाओं की कार्यप्रणाली के बारे में भारत की ऐतिहासिक समझ के बारे में अधिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध हूं, जो आंतरिक शांति प्राप्त करने, गर्मजोशी विकसित करने और क्रोध जैसी विनाशकारी भावनाओं पर काबू पाने का आधार हो सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र/सुनील

   

सम्बंधित खबर