गुरुग्राम: योग सिर्फ एक कसरत नहीं जीवन जीने का एक तरीका है: रितु कटारिया

-अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर योग का दिया संदेश

गुरुग्राम, 20 जून (हि.स.)। मिसेज हरियाणा-2018 एवं समाजसेविका रितु कटारिया ने कहा कि भारतीय योग पद्धति का आज पूरी दुनिया में डंका बज रहा है। बिना कोई दवा किए योग के जरिये हम स्वस्थ रह सकते हैं। योग सिर्फ एक कसरत नहीं, यह जीवन जीने का तरीका है। योग को अपनेे जीवन में जरूर अपनाएं। यह बात उन्होंने गुरुवार को यहां गुरुग्राम नेचुरोपैथी क्योर सेंटर (जीएनसीसी) में आयोजित यो शिविर में कही। जीएनसीसी नैचुरोपैथी में योग शिविर का आयोजन जीएनसीसी की निदेशक डॉ. सुनीता कटारिया व सुनील कटारिया की ओर से किया गया।

इस अवसर पर डॉ. उषा आर्य द्वारा अग्निहोत्र हवन और योग, प्राणायाम सत्र योगाचार्य आर.के. अग्रवाल द्वारा किया गया। योग, प्राणायाम सत्र में रितु कटारिया ने कहा कि योग के जरिये हम बीमारियों से मुक्ति भी पा सकते हैं और बीमारियों को दूर भी रख सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एक ऐसा लोक पर्व है, जो एक ही सुर में योग के महत्व के प्रति जागरूक करता है। भारत की पहल से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र द्वारा पहचान दी गई थी। इसे पहली बार 21 जून 2015 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। तभी से हर साल 21 जून को पूरी दुनिया में योग को व्यापक स्तर पर मनाया जाता है। उन्होंने स्कूली बच्चों के नाम संदेश में कहा कि विद्यार्थी जीवन को अनुशासित और निरोगी बनाने में योग बहुत महत्वपूर्ण है। योग से एकाग्रता भी आती है। रितु कटारिया ने कहा कि योगासन के नियमित अभ्यास से बीमारियों से भी मुक्ति पाई जा सकती है।

जीएनसीसी की निदेशक डॉ. सुनीता कटारिया ने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में हमें प्राकृतिक पद्धति से अपने जीवन को स्वस्थ रखने का प्रयास करना चाहिए। नेचुरोपैथी शैली अपना कर हम शारीरिक और मानसिक रुप से खुद को स्वस्थ और खुश रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि सेहत के साथ ही शांत मन और प्रबल विचारों के लिए एकाग्रता का होना जरूरी है। यह योग से संभव है। बच्चों में बचपन से ही योग के प्रति रुझान जगाना चाहिए। हर उम्र के व्यक्ति को योग, प्राणायाम जरूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग को बड़े स्तर पर हम 21 जून को करते हैं, लेकिन हम घर में अकेले या परिवार के साथ नियमित करें। यह भी जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार/ईश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर