बिहार में खरीफ महाभियान का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

-किसान जागरुकता वाहनों को मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

पटना, 20 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किसानों को खरीफ फसलों की तकनीकी जानकारी और खरीफ मौसम में कृषि विभाग की संचालित योजनाओं की जानकारी देने के लिए खरीफ महाभियान-2024 का गुरुवार को शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस महाभियान के तहत सभी जिलों के लिए किसान जागरुकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

खरीफ महाभियान के तहत यह जागरूकता वाहन गांवों में जाकर किसानों को खरीफ फसलों की तकनीकी जानकारी एवं खरीफ मौसम में कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी देंगे। इन दौरान खरीफ में अनुदानित दर पर उपादान वितरण की जानकारी, फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरुकता, जलवायु के अनुकूल कृषि कार्यक्रम से संबंधित जानकारी, जैविक खेती के लिए प्रोत्साहन, फसल विविधिकरण पर विशेष जानकारी, चतुर्थ कृषि रोड मैप के विभिन्न आयामों की जानकारी सहित अन्य कार्यक्रमों का भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरूआत में कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, कृषि मंत्री मंगल पाण्डे, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, विकास आयुक्त चैतन्य प्रसाद, कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ गोविन्द/सुनील

   

सम्बंधित खबर