देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.92 अरब डॉलर घटकर 652.89 अरब डॉलर पर

नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14 जून को समाप्त हफ्ते में 2.92 अरब डॉलर घटकर 652.89 अरब डॉलर रह गया है।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि इस दौरान मुद्रा भंडार का अहम घटक माने जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 2.09 अरब डॉलर घटकर 574.24 अरब डॉलर रही।आरबीआई के मुताबिक 14 जून को समाप्त हफ्ते के दौरान स्वर्ण भंडार का आरक्षित मूल्य 1.01 अरब डॉलर घटकर 55.97 अरब डॉलर रहा है। इस दौरान विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 5.4 करोड़ डॉलर घटकर 18.11 अरब डॉलर रह गया। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास भारत की आरक्षित जमा 24.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.58 अरब डॉलर हो गई है।

उल्लेखनीय है कि 7 जून, 2024 को देश का विदेशी मुद्रा भंडार 4.30 अरब डॉलर उछलकर 655.82 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रजेश/सुनीत

   

सम्बंधित खबर