24 से परीक्षा, लेकिन अबतक नहीं बंटे एडमिट कार्ड, संशय में छात्र, अभाविप ने विवि प्रशासन का फूंका पुतला

पलामू, 21 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शुक्रवार को नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय प्रशासन का पुतला दहन किया। इसका नेतृत्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अभय वर्मा ने किया। ज्ञात हो कि नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में एनसीसीएफ कंपनी का कार्यकाल एक साल पूर्व ही पूर्ण हो जाने के बाद कंपनी से विश्वविद्यालय प्रशासन कार्य करा रही है। तीन दिन पूर्व से विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में कंपनी कार्य करना बंद कर दी है। ऐसी स्थिति में विद्यार्थी संशय की स्थिति में हैं कि विश्वविद्यालय प्रशासन 24 तारीख से परीक्षा की तिथि घोषित कर दी गई है, परंतु अब तक एडमिट कार्ड तक जारी नहीं हो सका है जिससे विद्यार्थी काफी परेशान हैं।

मौके पर परिषद के राष्ट्रीय प्रादेशिक विश्वविद्यालय सह संयोजक विनीत पांडे ने कहा कि विश्वविद्यालय अधिकारी विहीन हो गया है। न समय पर प्रवेश है और न ही परीक्षा। न परिणाम आता है। परीक्षा की तिथि घोषित हो जाने एवं अबतक एडमिट कार्ड नहीं मिलने से छात्र संशय की स्थिति में हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों के भविष्य से कोई मतलब नहीं रह गया है। हजारों छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। ऐसी स्थिति में विश्वविद्यालय गर्त में जाता दिख रहा है।

गणेश लाल अग्रवाल कॉलेज अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय के भ्रष्ट अधिकारियों की वजह से हजारों छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। विश्वविद्यालय प्रशासन अपने कार्य प्रणाली में सुधार नहीं लाता है तो विद्यार्थी परिषद सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगीं।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर