उप्र के पूर्वी व मध्य क्षेत्र में हल्की बारिश की संभावना

कानपुर, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मानसून जल्द ही सक्रिय होकर झमाझम बारिश करेगा, हालांकि इसमें अभी चार से पांच दिन का समय लग सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश के पूर्वी और मध्य क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अभी लू का प्रकोप बना रहेगा। इस दौरान तापमान में पूर्वी हवाओं के चलने से कमी आएगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, तेलंगाना, दक्षिण ओडिशा, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

मध्य महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट, दक्षिण गुजरात, उत्तरी छत्तीसगढ़, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, लक्षद्वीप और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति संभव है। वहीं पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट होगी। मानसून पूरी तरह से सक्रिय होने पर करीब चार से पांच दिनों बाद उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव दिखेगा।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 40.0 और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 67 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 36 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 6.9 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के कारण तेज हवाओं (धूलभरी आंधी) एवं गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर छुटपुट बूंदाबादी होने के आसार हैं। इसके साथ ही दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दीपक/राजेश

   

सम्बंधित खबर