क्षेत्र में साईबर ठगों का साम्राज्य, बिहार से आया सत्यापन पत्र

हमीरपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। बिहार प्रांत के रोहतास में साइबर सेल थाने में ठगी का मुकदमा दर्ज होने के बाद साइबर सेल प्रभारी के थाने में सत्यापन के लिए पत्र आते ही ठगी से जुड़े एक दर्जन युवाओं में हड़कम्प मच गया है। बुधवार शाम कार्यवाही से बचने की गरज से तमाम लोग भूमिगत हो गए हैं।

सुमेरपुर थाना क्षेत्र का बिदोखर मेदनी गांव साइबर ठगी का हब बना हुआ है। इनका सरगना गांव का निवासी नीरज कुशवाहा है। नीरज कुशवाहा के खिलाफ बिहार प्रांत के रोहतास साइबर थाने में साइबर ठगी का अपराध दर्ज किया गया है। नीरज पर अग्रिम कार्यवाही के लिए रोहतास साइबर थाने के प्रभारी ने थानाध्यक्ष सुमेरपुर को पत्र भेजकर पते की पुष्टि कराई है। यह पत्र 4 अप्रैल को भेजा गया था। थानाध्यक्ष ने मामले की जांच इंगोहटा पुलिस चौकी इंचार्ज को सौंपी है। चौकी इंचार्ज के सक्रिय होते ही नीरज कुशवाहा भूमिगत हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव के एक दर्जन युवा साइबर ठगी में सक्रिय हैं और गत 5-6 वर्षों में इन्होंने अकूत सम्पत्ति जुटाई है। झोपड़ी में रहने वालों के आलीशान मकान बन गए हैं। फोन पर हुई बातचीत में नीरज ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने उसके फोन नंबर का उपयोग करके रुपए उसके खाते में डलवाए हैं। इसके एवज में उसे कमीशन दिया है। फिलहाल वह गांव से फरार हो गया है। इसके फरार होते ही इसके गिरोह के सदस्य भी भूमिगत हो गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज//विद्याकांत

   

सम्बंधित खबर