राजनीतिक अस्थिरता देश के विकास के लिए घातकः पोखरेल

काठमांडू, 22 जून (हि.स.)। नेपाल में सत्तारूढ़ गठबंधन के सबसे बड़े दल नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) के महासचिव शंकर पोखरेल ने देश में राजनीतिक स्थिरता के लिए दो दलीय व्यवस्था की वकालत की है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक अस्थिरता देश के विकास के लिए घातक है।

पोखरेल ने शनिवार को पार्टी के एक कार्यक्रम में कहा कि देश में राजनीतिक अस्थिरता का सबसे बड़ा कारण बहुदलीय व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि यह भी दुर्भाग्यपूर्ण है कि संसद में सबसे बड़ी पार्टी विपक्ष में है और दूसरी सबसे बड़ी पार्टी भी सरकार में होते हुए भी नेतृत्व नहीं कर पा रही है। पोखरेल ने कहा कि जब तक छोटी-छोटी पार्टियां रहेंगी तब तक देश में राजनीतिक स्थिरता आ ही नहीं सकती है।

पोखरेल ने कहा कि राजनीतिक अस्थिरता देश के विकास में बाधक होती है। राजनीतिक अस्थिरता के लिए बहुदलीय व्यवस्था जिम्मेदार है। राजनीतिक स्थिरता के बिना देश का विकास नहीं हो सकता है। उनका तर्क है कि देश में दो दलीय व्यवस्था रहने पर एक दल सत्ता में और दूसरा दल विपक्ष में रहेगा तो कई राजनीतिक समस्याओं का समाधान आसानी से हो सकता है। पोखरेल ने कहा कि संविधान संशधन के जरिए दो से चार सदस्यों वाले छोटे दलों की व्यवस्था को खत्म किया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि नेपाल की 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में मुख्य विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस के 88 सदस्य हैं, जबकि नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) के 79 सदस्य हैं। प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल 'प्रचंड' की पार्टी नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी केंद्र) के सदस्यों की संख्या 32 है।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज दास/पवन

   

सम्बंधित खबर