कांग्रेस कभी नहीं सुधर सकती : मुख्यमंत्री डॉ. सरमा

-सैम पित्रोदा की बहाली पर मुख्यमंत्री डॉ. सरमा की प्रतिक्रिया

गुवाहाटी, 27 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सैम पित्रोदा को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में फिर से नियुक्त करने के लिए कांग्रेस पार्टी की आलोचना की है। मुख्यमंत्री ने आज एक्स पर सैम पित्रोदा को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में फिर से नियुक्त करने के लिए कांग्रेस पार्टी की जमकर निंदा की।

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा, कांग्रेस कभी नहीं सुधर सकती। प्रधानमंत्री ने पहले ही देश को कांग्रेस की भ्रामक नीतियों और इरादों से अवगत करा चुके हैं। चुनाव खत्म होते ही इस परिवार (कांग्रेस) के मुख्य सलाहकार, जो पूर्वोत्तर भारत के लोगों के बारे में बुरा-भला कह चुके हैं, घर लौट गए।

असम प्रदेश भाजपा ने भी कांग्रेस पार्टी के इस फैसले की निंदा की है। भाजपा ने कांग्रेस पर ईमानदारी की कमी का आरोप लगाया। भाजपा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, जब सैम पित्रोदा ने देश की भावनाओं के खिलाफ विवादित बयान दिया तो कांग्रेस ने तमाशा दिखाकर इससे पल्ला झाड़ लिया। भाजपा ने बयान में कहा गया, जिस व्यक्ति ने पूर्वोत्तर के लोगों को चीनी कहा था, उसे चुनाव खत्म होते ही चुपचाप अपने पिछले पद पर बहाल कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि सैम पित्रोदा ने बीते 8 मई को भारतीय प्रवासी कांग्रेस के अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था, क्योंकि उनके द्वारा विभिन्न क्षेत्रों के भारतीयों की तुलना अन्य जातीय समूहों से करने के कारण विवाद पैदा हो गया था। उनकी टिप्पणियां, विशेष रूप से पूर्वोत्तर के लोगों को चीनी और दक्षिण के लोगों को अफ्रीकियों से तुलना करने की भाजपा ने तीखी आलोचना की। इस कारण भाजपा ने उन्हें नस्लवादी और विभाजनकारी करार दिया था। व्यापक प्रतिक्रिया के बाद, कांग्रेस पार्टी ने पित्रोदा के बयानों से खुद को अलग करते हुए उन्हें अस्वीकार्य बताया था।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर