वाराणसी में जुलाई 2025 तक 10 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य,अभियान की शुरुआत

- 95 बटालियन सीआरपीएफ एवं सृजन सामाजिक विकास न्यास ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

वाराणसी,27 जून (हि.स.)। वाराणसी में लगातार बढ़ता ताप अब जटिल समस्या बनने लगा है। आये दिन पेड़ों की कटाई, प्रदूषण से पर्यावरण को भी बड़ा नुकसान पहुंच रहा है। इसका असर मनुष्यों और दूसरे जीवों पर भी पड़ने लगा है। इसे देखते हुए 95 बटालियन सीआरपीएफ एवं सृजन सामाजिक विकास न्यास ने एक जुलाई 2024 से एक जुलाई 2025 तक जिले में 10 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य बनाया है। साथ ही इन पौधों की सुरक्षा, खाद, पानी की व्यवस्था का संकल्प भी लिया है। गुरुवार को बटालियन मुख्यालय में पुलिस उपमहानिरीक्षक रेंज चंदौली सुरेन्द्र चौधरी ने सभी जवानों और अफसरों को शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में मेहमानों को पौधा देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद डीआईजी रेंज ने बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी राजेश सिंह,आलोक कुमार, उप कमांडेंट आलोक कुमार ,उमाकांत ओझा, न्यास के अनिल सिंह के साथ परिसर में पौधरोपण किया। इसमें कुछ फलदार पौधों सहित नीम और पीपल के पौधों को रोपित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/सियाराम

   

सम्बंधित खबर