पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस और भाजपा ने शुरू की तैयारियां

जयपुर, 28 जून (हि.स.)। राजस्थान में विधायकों के लोकसभा सदस्य चुने जाने के कारण पांच विधानसभा सीटों पर जल्द उपचुनाव होने वाले हैं। उपचुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिन सीटों पर उपचुनाव होने हैं उनमें दौसा, देवली-उनियारा, झुंझुनूं, खींवसर और चौरासी है। झुंझुनूं, देवली-उनियारा और दौसा में कांग्रेस का कब्जा था जबकि खींवसर में कांग्रेस गठबंधन के सहयोगी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और चौरासी में भारत आदिवासी पार्टी काबिज थी।

अब तक उपचुनाव में कांग्रेस सत्ता में रहे या विपक्ष में उसका पलड़ा हमेशा भारी रहा है। पिछले 10 सालों में विधानसभा की 20 और लोकसभा की दो सीटों पर उपचुनाव हुए हैं। दो लोकसभा सहित 14 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा ने चार, रालोपा ने एक और बीएपी ने एक सीट जीती है। पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के समय वर्ष 2019 से लेकर 2022 तक 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे जिनमें से 7 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने मंडावा, सुजानगढ़, सरदारशहर, सहाड़ा, धरियावद, वल्लभनगर और रामगढ़ सीट जीती थी। भाजपा ने राजसमंद और आरएलपी ने खींवसर सीट पर उपचुनाव जीता था। 2014 से लेकर 2018 तक मोदी लहर के बावजूद भी नसीराबाद, वैर, सूरतगढ़ और मांडलगढ़ सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की जबकि भाजपा के खाते में धौलपुर और कोटा दक्षिण सीट की आ पाई थी। वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने विधानसभा की 163 सीटों पर जीत हासिल की थी।

साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल पाया, लेकिन कांग्रेस ने 2018 में अजमेर और अलवर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। भाजपा के सत्ता में आने के बाद साल 2024 में श्रीकरणपुर सीट पर हुए उपचुनाव में भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर की मौत के चलते उस सीट पर उपचुनाव हुए थे। वहीं, हाल ही में बागीदौरा उपचुनाव में कांग्रेस गठबंधन की सहयोगी भारत आदिवासी पार्टी ने जीत दर्ज की है।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर