राजस्थान आवासन मण्डल के बेसिक शेड्यूल ऑफ रेट्स-2024 किए गए तय

जयपुर, 28 जून (हि.स.)। राजस्थान आवासन मंडल की ओर से प्रदेशभर में किए जाने वाले सभी कार्यों के लिए एकीकृत बेसिक शेड्यूल ऑफ रेट्स यानी बीएसआर-2024 तय कर दी गई हैं। इस बीएसआर-2024 का विमोचन राजस्थान आवासन मंडल के अध्यक्ष टी. रविकांत के द्वारा किया गया। अब तक राजस्थान आवासन मंडल द्वारा आरएसबी बीएसआर -2013 पर कार्य करवाए जा रहे थे। अब बाजार दरें बढ़ने के कारण मंडल द्वारा आरएसबी बीएसआर 2024 को 1 जुलाई से प्रदेशभर में लागू किया जाएगा।

राजस्थान आवासन मंडल की ओर से तय की गई बीएसआर के तहत बिल्डिंग वर्क्स, सेनिटरी वर्क्स, इलेक्ट्रिक वर्क्स, लिफ्ट वर्क्स, हॉर्टिकल्चर वर्क्स , रोड वर्क्स और अन्य विविध कार्य करवाए जाएंगे। बीएसआर 2024 की दरें बाजार दरों के अनुसार ही तय की गई हैं। आवासन मंडल की ओर से करवाए जाने वाले कई कार्यों के लिए अब तक मार्केट रेट्स पर निर्भरता बनी रहती है। लेकिन बीएसआर के तय होने से अब ये निर्भरता खत्म होगी और सभी कार्य इन्हीं रेट्स के हिसाब से करवाए जा सकेंगे।

राजस्थान आवासन मंडल के अध्यक्ष टी. रविकांत ने कहा कि जिस तेजी से मंडल की ओर से आमजन को आवास उपलब्ध करवाए जाने का कार्य किया जा रहा है। उसे देखते हुए इन कार्यों में समरूपता और सुगमता लाने के लिए बीएसआर तय किया जाना जरूरी है। ऐसे में इन बीएसआर से मंडल की ओर से करवाए जाने वाले सभी कार्यों में भी इसी व्यवस्था के तहत बेहतर से बेहतर और समयबद्ध रूप से कार्य होने की उम्मीद की जाती है।

इस अवसर पर सचिव डा. अनिल पालीवाल, अतिरिक्त मुख्य अभियंता तृतीय हंसराज दुपगा,अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रथम प्रतीक श्रीवास्तव, अतिरिक्त मुख्य नगर नियोजक अनिल माथुर ,उप आवासन आयुक्त तृतीय संजय शर्मा समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ राजेश/संदीप

   

सम्बंधित खबर