पानी से भरे गड्ढे में डूबी दो सगी बहनें, एक की मौत-एक को बचाया

भरतपुर, 28 जून (हि.स.)। डीग जिले के कामां थाना इलाके के छिछरवाड़ी गांव में एक पानी से भरे गड्ढे में दो सगी बहनें डूब गई। जब उनका भाई जोर-जोर से चिल्लाने लगा तो, आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और गड्ढे में कूदकर एक लड़की को बचा लिया। जिसे तुरंत कामां अस्पताल ले जाया गया। वहीं एक लड़की की मौत हो गई। जिसके शव को आसपास के लोगों ने गड्ढे से ढूढ़कर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार श्याम की बड़ी बेटी ख़ुशी (11), छोटी बेटी चंचल (9) और बेटा भरत (6) गांव के पास ही जंगल में शौच के लिए गए थे। बारिश के कारण जंगल में कीचड़ हो रखा था। जिसमें तीनों भाई बहनों के पैर कीचड़ में हो गए। ख़ुशी और चंचल दोनों पास ही एक गड्ढे में भरे पानी से अपने पैर धोने लगी। दोनों गड्ढे में भरे पानी में नहाने लगी। भरत गड्ढे के पास बैठा रहा। तभी अचानक दोनों बहनें गड्ढे में भरे पानी में डूबने लगी। इसके बाद भरत जोर-जोर से चिल्लाने लगा। आसपास से कुछ लोग निकल रहे थे। वह भरत की आवाज सुन तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पोखर में छलांग लगाकर ख़ुशी को बचाया। करीब 10 मिनट गड्ढे में ढूंढ़ने के बाद चंचल का शव पानी में मिला। तुरंत ख़ुशी को कामां के अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल ख़ुशी की हालत ठीक है।

आसपास के लोगों ने बताया जिस गड्ढे में बच्चे नहा रहे थे वह उनके घर से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर है। कल कामां में काफी बारिश हुई थी जिससे गड्ढे में पानी भर गया था। उसी गड्ढे में डूबने से चंचल की मौत हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर