भाजपा ने की कूचबिहार में पार्टी की महिला कार्यकर्ता पर हमले की सीबीआई जांच की मांग

कोलकाता, 29 जून (हि.स.)। भाजपा की राज्य महासचिव अग्निमित्र पॉल ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में पार्टी की एक महिला नेता को निर्वस्त्र करने और शारीरिक यातना देने की घटना की सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने पुलिस पर असली अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। माथाभांगा क्षेत्र में पीड़ित भाजपा की महिला कार्यकर्ता से मिलने के लिए पहुंचे भाजपा प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाली पॉल ने आरोप लगाया कि स्थानीय इकाई के अल्पसंख्यक मोर्चा की अध्यक्ष उस महिला को 25 जून को मवेशी चराने के दौरान तृणमूल समर्थकों ने पीटा और निर्वस्त्र कर दिया।

पॉल ने कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री के शासन में, बंगाल की माताओं, बहनों और अल्पसंख्यक समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाली एक महिला को स्थानीय तृणमूल नेता और उसके सहयोगियों द्वारा सार्वजनिक रूप से गाली दी गई और प्रताड़ित किया गया। पुलिस और सरकार इस ज़बरदस्त हिंसा की अनदेखी कर रही है। हम सीबीआई जांच की मांग करते हैं।

पीड़िता से मिलने के दौरान पॉल और अन्य भाजपा नेताओं ने पुलिस लाइन के पास एक सड़क को अस्थायी रूप से अवरुद्ध कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामला घरेलू विवाद का लग रहा है, एफआईआर में दर्ज दस में से सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी तीन को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

तृणमूल प्रवक्ता पार्थ प्रतिम रॉय ने भाजपा पर कूचबिहार में लोकसभा चुनाव में हार के बाद पारिवारिक झगड़े का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। हालांकि, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने दावा किया कि राज्य सरकार कोलकाता में हॉकर्स के अतिक्रमण जैसे गैरजरूरी मुद्दों को उजागर करके घटना से ध्यान भटका रही है।

मजूमदार ने कहा कि मैंने पीड़ित महिला से बात की। वह दर्द में है और हम कोलकाता में उसके इलाज की व्यवस्था कर रहे हैं।

तृणमूल प्रवक्ता तृणांकुर भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा छोटी-छोटी घटनाओं का राजनीतिकरण करके शांति भंग करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस उन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है जो उनकी पार्टी का हिस्सा नहीं हैं। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर