(अपडेट) राज्यपाल कलराज मिश्र को जन्मदिन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री व मुख्यमंत्री ने दी बधाई

जयपुर, 1 जुलाई (हि.स.)। राज्यपाल कलराज मिश्र के जन्मदिन पर सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फोन कर बधाई और शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को फोन कर राज्यपाल कलराज मिश्र को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने राज्यपाल मिश्र के आदर्श व्यक्तित्व को अनुकरणीय बताते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मिश्र के स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना करते हुए कहा कि देश की सभी संवैधानिक संस्थाओं में काम करते हुए उन्होंने शुचिता के साथ आदर्श जीवन मूल्यों को जिया है। उन्होंने राज्यपाल के सेवाभाव और राष्ट्र के प्रति समर्पण के साथ कार्य करने को अनुकरणीय बताया।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राज्यपाल कलराज मिश्र को उनके जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दी।

शाह ने राज्यपाल को राष्ट्रवाद से जुड़े देश और समाज के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

राज्यपाल मिश्र को जन्मदिन पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भी फोन कर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ तथा मंगलमय जीवन की कामना की।

मिश्र के जन्मदिन पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा सहित देश के विभिन्न राज्यों से मंत्री, सांसद, विधायक एवं विशिष्टजन फोन कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं।

राज्यपाल ने गोविंद देव जी मंदिर में पूजा-अर्चना की

राज्यपाल कलराज मिश्र अपने जन्मदिन पर सोमवार को राज्य की प्रथम महिला सत्यवती मिश्र के साथ गोविंददेव जी मंदिर पहुंचे। मिश्र ने जन-जन के आराध्य भगवान गोविंद देवजी की सपत्नीक पूजा अर्चना की।उन्होंने गोविंद देव जी से सभी का मंगल करने के साथ राष्ट्र की समृद्धि, सम्पन्नता और खुशहाली की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार/संदीप/संजीव

   

सम्बंधित खबर