पॉक्सो मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पॉक्सो मामले के सजायाफ्ता मजुरिम को गिरफ्तार किया है। इस कैदी को पॉक्सो मामले में उम्र कैद की सजा हुई है। ये कैदी पैरोल जंप कर तीन साल से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। आरोपित को विजय विहार इलाके में एक 6 साल के लड़के के साथ यौन शोषण करने के आरोप में पॉक्सो एक्ट में आजीवन कैद की सजा सुनाई गई थी। दिल्ली की एक अदालत ने साल 2013 में ये सजा सुनाई।

अप्रैल 2020 में पैरोल पर जेल से रिहा किया गया था, जिसके बाद से वह सरेंडर करने की बजाय फरार चल रहा था। आरोपित पंकज मूलरूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी का रहने वाला है। क्राइम ब्रांच के डीसीपी सतीश कुमार के मुताबिक आरोपित पंकज को 14 अप्रैल 2020 को दिल्ली सरकार के आदेशों पर कोर्ट की तरफ से 8 हफ्ते की इमरजेंसी पैरोल पर रिहा किया गया था।

इसके बाद समय-समय पर कोविड-19 महामारी के चलते उसकी पैरोल रिहाई की अवधि को बढ़ाया जाता रहा। इसके बाद हालात सामान्य होने के बाद अभियुक्त पंकज को 3 मार्च 2021 को जेल में सरेंडर करना था लेकिन उसने सरेंडर करना जरूरी नहीं समझा. इसके बाद से वह पुलिस की गिरफ्तारी से बचते हुए फरार रहा।

आरोपित को पकड़ने के लिए नॉर्दर्न रेंज-I के एसीपी विवेक त्यागी की देखेरख में एक टीम गठित की गई। टीम ने अलग-अलग स्रोतों के जरिए पैरोल जंपर से जुड़ी तमाम जानकारियां इक्ट्ठा कीं। टीम को पता चला कि आरोपित पंकज लगातार अपनी लोकेशन और मोबाइल नंबर बदल रहा है। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपने रिश्तेदारों के यहां शरण ली हुई थी।

इस बीच पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि आरोपित मैनपुरी के रामपुर गांव में अपने जीजा के यहां घर पर रह रहा है। पुलिस ने इस जानकारी को पुख्ता कर आरोपित को दबोच लिया।

हिन्दुस्थान समाचार/ अश्वनी/रामानुज

   

सम्बंधित खबर