हिसार: विशेष प्रचार अभियान से जनता को मिलेगी सरकार की योजनाओं की जानकारी:कमल गुप्ता

हिसार, 2 जुलाई (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा है कि सूचना एवं जन संपर्क विभाग की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम में आमजन को हरियाणा सरकार द्वारा समय-समय पर दी जाने वाली सुविधाओं, सेवाओं व योजनाओं के साथ ही जन हितकारी उपलब्धियों के बारे में भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। कैबिनेट मंत्री ने वर्तमान सरकार के सफलतम साढ़े चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान को शुभकामनाएं दीं।

डॉ. कमल गुप्ता मंगलवार को विभाग के विशेष प्रचार अभियान के वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के लगभग 10 वर्ष के कार्यकाल में अनेक ऐतिहासिक व जनहितैषी कार्य हुए हैं। इनका जनता तक पहुंचना अति आवश्यक है। ऐसे में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का यह अभियान चलाना सराहनीय है। विभाग के महानिदेशक मंदीप सिंह बराड़ के नेतृत्व में व उपायुक्त प्रदीप दहिया के मार्गदर्शन में एक माह तक चलने वाले विशेष प्रचार अभियान में हिसार जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र को कवर करते हुए आमजन को हरियाणवी लोक शैली में सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी नरेन्द्र सोनी ने अभियान की रूपरेखा से मंत्री को विस्तार से अवगत करवाया और कहा कि विभागीय व सूचीबद्ध भजन पार्टी द्वारा प्रत्येक दिवस पर एक गांव में प्रभावी रूप से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस प्रचार अभियान में हिसार जिला के सभी खंडों के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र को कवर किया जाएगा। आम जनता को सरकार द्वारा क्रियान्वित योजनाओं व सेवाओं की जानकारी उनके घर द्वार तक जागरूकता माध्यम से पहुंचाना ही इस विशेष प्रचार अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि महीने का शेड्यूल तैयार करते हुए अभियान को सफल बनाने में विभाग अपना दायित्व पूरी सजगता व सतर्कता के साथ निभा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/सुमन

   

सम्बंधित खबर