नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जो नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और हत्या के प्रयास के दो अलग-अलग मामलों में वांछित था। आरोपित की पहचान भलस्वा डेयरी (दिल्ली) के कमल सिंह उर्फ पहाड़ी (26) के रूप में की गई है।

आरोपित के खिलाफ पहले से हत्या के दो मामले भी दर्ज हैं। इस मामले में पुलिस पहले ही चार अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी थी। आरोपित कमल जून 2023 से ही गैंगरेप की इस घटना के बाद से फरार चल रहा था।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के डीसीपी सतीश कुमार के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित कमल सिंह उर्फ पहाड़ी दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहा था। 23 जून 2023 को एक नाबालिग लड़की को दो लोगों ने किडनैप कर लिया था और एक खाली जगह पर उसके साथ दुष्कर्म किया। लड़की के घर लौटते वक्त अन्य दो लोग उसे कमल सिंह के ठिकाने पर ले गए। जहां उन तीनों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने सभी पांचों आरोपितों में से चार को गिरफ्तार कर लिया था और कमल सिंह उर्फ पहाड़ी तब से ही फरार चल रहा था। दिल्ली की निचली अदालत ने आरोपित को भगोड़ा भी घोषित कर दिया था।

आरोपित कमल सिंह उर्फ पहाड़ी के खिलाफ कंझावला थाने में भी एक मामला दर्ज था, जिसमें 31 जुलाई और 1 अगस्त की मध्य रात्रि को एक शिकायतकर्ता प्रेम सिंह के परिवार जो घेवरा, दिल्ली में रहता है। घटना की रात्रि वो परिवार के सदस्यों के साथ सो रहे थे। अचानक दो लोग बाइक पर आए और दो राउंड फायरिंग कर दी। इसमें उनकी पत्नी को गोली लग गई थी और वह घायल हो गई थीं। इन दोनों आरोपितों की पहचान फैजान और पहाड़ी के रूप में की गई। आरोपित फैजान को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी और मौजूदा आरोपित इस मामले में भी फरार चल रहा था जिसको अब पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अश्वनी/रामानुज

   

सम्बंधित खबर