मामूली कहासुनी के बाद युवक को मारी गोली, नए धारा में केस दर्ज

नई दिल्ली, 1 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में रविवार देररात एक युवक को मामूली कहासुनी के बाद गोली मार दी गई। गंभीर हालत में पीड़ित रोहताश उर्फ कन्हैया (30) को जग प्रवेदश चंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने सीलमपुर थाने में अपने जिले का पहले मामला भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया। पहले आईपीसी की धारा 307 में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज होता था। अब बीएनएस की धारा 109(1)/3(5) और ऑर्म्स एक्ट 25/27 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक पीड़ित रोहताश परिवार के साथ जे-ब्लॉक, न्यू सीलमपुर में रहता है। वह छोटा-मोटा काम करता है। रविवार रात को वह अपने दोस्त मनोज (28) के साथ ई-रिक्शा से घर लौट रहा था। इस बीच लोहा मंडी पुलिया जीटी रोड पर ई-रिक्शा से उतरकर दोनों पैदल जाने लगे। इस बीच 66 फुटा रोड पर नशे में धुत दो युवक दोनों से झगड़ा करने लगे।

कहासुनी के दौरान एक युवक ने अचानक तमंचा निकालकर रोहताश पर गोली चला दी। गोली मारने के बाद दोनों फरार हो गए। मनोज और रोहताश किसी तरह वहां से निकले। इसके बाद मनोज ने रोहताश के परिवार को खबर दी। बाद में परिजन उसे अस्पताल ले गए। देर रात करीब 12 बजे पुलिस को खबर दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का मुआएना किया। बाद में जीटीबी अस्पताल पहुंचकर रोहताश का बयान लिया। देर रात को उसके बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी/प्रभात

   

सम्बंधित खबर