5725 तीर्थयात्रियों का छठा जत्था अमरनाथ गुफा के लिए जम्मू से रवाना

जम्मू, 3 जुलाई (हि.स.)। 5725 तीर्थयात्रियों का छठा जत्था अमरनाथ गुफा तीर्थ यात्रा के लिए जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास बेस कैंप से बुधवार सुबह कश्मीर घाटी की ओर रवाना हुआ।

बम बम भोले का नारा लगाते हुए तीर्थयात्री आज सुबह 238 वाहनों के काफिले में जम्मू के आधार शिविर से रवाना हुए। घाटी रवाना होने वाले 5725 तीर्थयात्रियों में 4481 पुरुष, 1034 महिलाएँ, 25 बच्चे, 173 साधु और 12 साध्वी (महिला साधु) शामिल थीं। इनमें से 2514 तीर्थयात्री सुबह 3ः25 बजे बालटाल और 3211 तीर्थयात्री सुबह 3ः45 बजे पहलगाम बेस कैंप के लिए रवाना हुए। ये तीर्थयात्री आज शाम तक अपने-अपने बेस कैंप पहुंच जाएंगे, जहां से वे गुरूवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पवित्र गुफा की ओर रवाना होंगे।

देश के विभिन्न भागों से आए 74,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने 2 जुलाई तक श्री अमरनाथ जी की पवित्र गुफा में पूजा-अर्चना की। यात्रा 29 जून को बालटाल और नुनवान-पहलगाम से शुरू हुई थी।

इसके साथ ही यात्रा शुरू होने के बाद से पिछले चार दिनों में हिमालय की गहराई में स्थित 3888 मीटर ऊंचे गुफा मंदिर में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 74,696 तक पहुंच गई है।

52 दिवसीय अमरनाथ जी यात्रा इस साल 19 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के पावन अवसर पर संपन्न होगी, जो रक्षाबंधन के त्योहार के साथ मेल खाती है। पिछले साल 4.5 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने गुफा मंदिर में मत्था टेका था।

हिन्दुस्थान समाचार/बलवान

   

सम्बंधित खबर