हिसार: पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार: रणधीर धीरू

भाजपा ने गांव सातरोड में चलाया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान

हिसार, 3 जुलाई (हि.स.)। भाजपा की ओर से पर्यावरण को बचाने के लिए शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गांव सातरोड, मिर्जापुर व खेड़ी बर्की में पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान गांव में 151 पेड़-पौधे लगाए गए। अभियान के जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष रणधीर सिंह धीरू विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष रणधीर सिंह धीरू ने बुधवार को कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। यदि यह आधार ही समाप्त हो गया तो पृथ्वी पर जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। इसलिए पृथ्वी बचाने के लिए पौधारोपण बहुत जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि लगातार खत्म हो रहे वनों के कारण पर्यावरण संतुलन बिगड़ता जा रहा है। यदि हम सभी ने हालात की गंभीरता को नहीं समझा तो इसका खामियाजा आने वाली पीढिय़ों को भुगतना पड़ेगा।

इसलिए हम सभी को पौधारोपण करना चाहिए और लगाए गए पेड़-पौधों की अच्छी तरह से देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पार्टी द्वारा चलाए जा रहे इस पौधारोपण अभियान के तहत जिला भर में 20 हजार पौधे लगाए जाएंगे। पौधारोपण अभियान में जिला सचिव नीरज देवी, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष सुमन सैनी, प्रदीप शास्त्री, आशा सैनी, पिंकी सैनी, सीमा सैनी सहित पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर