राष्ट्रोत्कर्ष दिवस के रूप में मनाया गया पुरी शंकराचार्य का 82वां जन्मदिन

प्रयागराज, 04 जुलाई (हि.स.)। गोवर्धन मठ पुरी (ओडिसा) पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती का 82वां जन्मोत्सव “राष्ट्रोत्कर्ष दिवस“ के रूप में मनाया गया। झूंसी स्थित गोवर्धन मठ के प्रयागराज केंद्र शिवगंगा आश्रम में गुरूवार को भगवान शिव का महारुद्राभिषेक कर शंकराचार्य के दीर्घायु एवं स्वास्थ्य की कामना की गई। तत्पश्चात 101 बार हनुमान चलीसा पाठ, सुंदरकांड, भजन संकीर्तन एवं हिन्दू राष्ट्र संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि शंकराचार्य के त्याग व परिश्रम से शिक्षा लेनी चाहिए। अपने देश और सनातन धर्म की रक्षा के लिए उनके बताए मार्ग और संचालित प्रकल्पों पर चलना चाहिए। पुरी पीठ के 145वें शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती का जीवन संघर्षों से भरा रहा है और उन्होंने अपना जीवन हिन्दू राष्ट्र अभियान हेतु समर्पित कर दिया है। प्रत्येक हिंदू का कर्तव्य है कि इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

शंकराचार्य के जन्मोत्सव पर उनके शिष्यों ने नगर क्षेत्र में लस्सी वितरण का कार्यक्रम कर शाम को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसके तहत नीम, अमरूद, बेल, इत्यादि का पौधा रोपा गया।

इस अवसर पर सुरेंद्र पांडेय, अजय पांडेय, व्यास मुनि, आचार्य रामानुज, दीपक शुक्ला, आयुष सिंह, मुन्ना सिंह, महंत सत्यम शुक्ला, बीपी सिंह, राजीव मिश्र राणा, के एन पांडेय, प्रताप दुबे, आचार्य रामजस, देवी त्रिपाठी, रामकृष्ण पांडेय, आशीष त्रिपाठी, कृष्ण मुरारी त्रिपाठी, प्रियांशु, आदित्य, अंकुर, विवेक मिश्र आदि शिष्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर