चीड़वासा में नाले में बढ़ा पानी, लकड़ी की पुलिया टूटने से दिल्ली के दो कांवड़ यात्री बहे

उत्तरकाशी, 04 जुलाई (हि.स.)। गंगोत्री-गौमुख ट्रैक मार्ग पर चीड़वासा के पास नाले में पानी बढ़ने से उक्त स्थान पर निर्मित अस्थायी लकड़ी की पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान 2 कांवड़ यात्रियों के बहने की सूचना है।

गंगोत्री नेशनल पार्क के उप निदेशक रंगनाथ पांडेय ने बताया कि गुरुवार दोपहर तीन बजे गंगोत्री-गौमुख ट्रैक मार्ग पर गंगोत्री से 09 किमी आगे स्थान चीड़वासा के पास हिमखण्ड पिघलने के कारण चीड़वासा नाले में पानी बढ़ने से उक्त स्थान पर निर्मित अस्थायी लकड़ी की पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान दो कावड़ यात्री पानी में बह गये। उन्होंने बताया कि नदी के तेज बहाव में बहे दोनों यात्री दिल्ली के सूरज और मोनू बताए जा रहे हैं। फिलहाल दोनों की तलाश की जा रही है।

पुलिया क्षतिग्रस्त होने से गौमुख की तरफ भोजवासा के पास 35 यात्री फंस गए हैं। हालांकि वह एक आश्रम में सुरक्षित रुके हैं।

उन्होंने बताया कि अस्थाई पुलिया बहने के कारण पार्क प्रशासन ने गौमुख जाने पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि वन विभाग, एसडीआरएफ टीम फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रवाना हो गई है।

जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने गंगोत्री नेशनल पार्क के उप निदेशक से इस घटना के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए नाले में बहे लोगों की खोजबीन के लिए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान संचालित करने के निर्देश दिए लहै। साथ ही गोमुख क्षेत्र में रुके यात्रियों की सुरक्षित निकासी कराने और नाले में तुरंत वैकल्पिक पुलिया बनाए जाने के भी निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/चिरंजीव सेमवाल/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर