हाथरस हादसा : दोषियों के खिलाफ जल्द होगी कार्रवाई : डॉ. धर्मवीर

- राज्य मंत्री नागरिक सुरक्षा एवं होमगार्ड ने जाना सत्संग हादसे के घायलों का हाल

हाथरस, 04 जुलाई (हि.स.)। जनपद के सिकंदराराऊ के गांव फुलरई मुगलगढ़ी में भोले बाबा के सत्संग के बाद मची भगदड़ में 121 लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ घटनास्थल का दौरा करने के अलावा घायलों का हाल-चाल जान चुके हैं। इसके बाद भाजपा सरकार के मंत्री लगातार हाथरस का दौरा कर रहे हैं। गुरुवार को राज्य मंत्री नागरिक सुरक्षा एवं होमगार्डस डॉ. धर्मवीर प्रजापति हाथरस पहुंचे।

डॉ. धर्मवीर प्रजापति जिला अस्पताल पहुंचे और सत्संग हादसे में घायल हुए लोगों से बातचीत की। उनको दिए जा रहे उपचार, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार की मंशा के अनुरूप उपचार दिए जाने की बात कही। उपचार में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए राज्य मंत्री ने हादसे पर शोक व्यक्त किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए नागरिक सुरक्षा एवं होमगार्ड मंत्री ने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होगी। न्यायिक जांच चल रही है। जांच में घटना का सच निकलकर आएगा। सरकार ने घटना को लेकर गंभीरता दिखाई है। सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है। इस दौरान जिलाध्यक्ष शरद महेश्वरी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/मदन मोहन/राजेश

   

सम्बंधित खबर