जम्मू-कश्मीर के सिपाही वरुण सिंह का पैतृक गाँव बरवाल पहुँचने पर हुआ जोरदार स्वागत, डीसी कठुआ ने दी शुभकामनाएँ

कठुआ, 06 जुलाई (हि.स.)। कश्मीर में आतंकियों से लोहा लेने वाले जम्मू-कश्मीर के सिपाही वरुण सिंह जिन्हें बीते दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी वीरता और पराक्रम के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया है, उनके पैतृक गाँव बरवाल पहुँचने पर गांववासियों ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर जिला उपायुक्त राकेश मिन्हास ने भी उन्हें और उनके परिजनों को शुभकामनाएँ दी।

गौरतलब हो कि जम्मू कश्मीर पुलिस के कांस्टेबल वरुण सिंह को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी वीरता और पराक्रम के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया है। यह न सिर्फ गांव बरवाल, बल्कि कठुआ जिले के लिए एक गर्व की बात भी है। वरुण सिंह को शौर्य चक्र मिलने पर गांव में खुशी की लहर है। जिला उपायुक्त राकेश मिन्हास सहित गांववासी शौर्य चक्र से सम्मानित वरुण सिंह का स्वागत करने के लिए बरवाल मोड पहुँचे और ढोल नगाड़ों के साथ हार पहनाकर उनका स्वागत किया और उनके परिजनों को शुभकामनाएँ दी। वहीं वरुण सिंह ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि युवा अवस्था में पढ़ाई के साथ साथ फिटनेस का भी ध्यान दें और समाज में नशा जैसे कुरीतियों से बचें और अपने देश की सेवा के लिए आगे आएं। वरुण सिंह ने बताया कि 12 जून 2022 को सूचना मिली कि कुछ अज्ञात आतंकी भारी मात्रा में गोला बारुद के साथ छिपे हुए हैं। और मैं इस तलाशी अभियान का हिस्सा था। वहीं आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग और ग्रेनेड से हमला कर दिया। इस बीच अपनी टीम के साथ आतंकियों की ओर बढ़ा और अपने साथी को खतरे में बढ़ता देख खुद की जान की परवाह न करते हुए उनकी जान बचाई।

वरुण सिंह ने बताया कि इसी बीच एक आतंकी को मार गिराया जिसके पास से भारी मात्रा में गोलाबारूद बरामद हुआ। इसी अभियान के लिए उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। वही जिला उपायुक्त ने वरुण सिंह के परिजनों और गाँव वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वरुण सिंह ने राष्ट्रपति से वीरता और पराक्रम के लिए शौर्य चक्र हासिल किया है जिससे जम्मू कश्मीर के साथ-साथ पूरे देश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से युवाओं के रोल मॉडल के लिए ब्रांड अम्बेसडर भी बनाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/सचिन/बलवान

   

सम्बंधित खबर