पुणे फायरिंग मामले में दो वकील सहित आठ गिरफ्तार

मुंबई, 06 जनवरी (हि.स.)। पुणे में कुख्यात बदमाश शरद मोहोल पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने दो वकीलों सहित आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन आरोपितों के पास से तीन पिस्तौल और वाहन भी बरामद किये हैं। मामले की गहन छानबीन पुलिस की टीम कर रही है।

पुणे पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि कोथरुड इलाके में शरद मोहोल पर फायरिंग करने के बाद आरोपित सातारा की ओर जा रहे थे। उसी दौरान पुलिस ने इन सभी का पीछा कर शुक्रवार को देर रात गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों में रवींद्र पवार और संजय हैं। ये दोनों शिवाजी नगर सेशन कोर्ट में वकालत करते हैं। मुख्य आरोपित साहिल उर्फ मुन्ना पोलेकर सहित अन्य आरोपितों के पास से इस घटना में प्रयोग में लाई गई पिस्तौल और वाहन भी बरामद कर लिया गया है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि शरद मोहोल पर फायरिंग जमीन विवाद की वजह से की गई थी।

उल्लेखनीय है कि पुणे के कोथरुड इलाके में शुक्रवार को दोपहर डेढ़ बजे इन सभी बदमाशों ने शरद मोहोल पर फायरिंग की थी। इसके बाद मोहोल को पुणे के ससून अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां मोहोल की 4 बजे मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गहन छानबीन जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार/ राजबहादुर/दधिबल

   

सम्बंधित खबर