पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी विधि साहित्य एवं राजनीति के संगम रहे : डॉ नरेंद्र सिंह गौर

--पूर्व राज्यपाल पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी के प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि

--जनसंघ के कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित

प्रयागराज, 08 जनवरी (हि.स.)। पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी स्मृति समारोह आयोजन समिति द्वारा जिला पंचायत सभागार में पूर्व राज्यपाल पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी के प्रथम पुण्यतिथि पर उन्हें स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि डॉ नरेंद्र सिंह गौर ने कहा कि पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी विधि साहित्य एवं राजनीति के त्रिवेणी संगम रहे और सहजता और सरलता के प्रति मूर्ति थे। वह एक आदर्श राजनेता और कुशल संगठन शिल्पी रहे।

पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी के जीवन चरित्र पर आयोजित संगोष्ठी में डॉ गौर ने आगे कहा कि पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी पांच बार शहर दक्षिणी से विधायक रहे एक बार 1977 में झूंसी से विधायक रहे। 1953 में कश्मीर आंदोलन में फिरोजपुर जेल में आठ महीने बंद रहे, 1955 में गोवा मुक्ति संग्राम आंदोलन में हिस्सा लिया। 1966 में गौ हत्या विरोधी आंदोलन प्रयागराज के जाति का उन्होंने नेतृत्व किया और संसद का घेराव किया। वे तीन बार विधानसभा अध्यक्ष रहे और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। पश्चिम बंगाल, बिहार के राज्यपाल रहकर उन्होंने संवैधानिक पद की मर्यादा को बनाए रखा।

इस अवसर पर सांसद केसरी देवी पटेल ने कहा कि पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी का हर कार्यकर्ताओं के साथ आत्मिक लगाव था और एक कुशल संगठन शिल्पी रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष वी.के सिंह, महापौर गणेश केसरवानी, प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्त, विहिप काशी प्रांत अध्यक्ष केपी सिंह और पूर्व विधायक प्रभाशंकर पांडे ने कहा कि पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी का जीवन एक खुली किताब की तरह रहा। उन्होंने राजनीति में आदर्श स्थापित किया। उनकी आवाज आज भी कार्यकर्ताओं को समाज और राष्ट्र के प्रति सच्ची सेवा करने को प्रेरित करती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी प्रयागराज के गौरव रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को गढ़ने का काम किया। इसके अलावा जिलाध्यक्ष यमुनापार विनोद प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष यमुनापार विभव नाथ भारती, रामजी केसरवानी, रणजीत सिंह, छाया देवी ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम संयोजक पदुम जायसवाल एवं सहसंयोजक शिवेंद्र मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत एवं संचालन पूर्व भाजपा महामंत्री नवरत्न कत्याल ने किया। मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इस अवसर पर जनसंघ काल के कार्यकर्ता हरि मोहन मालवीय, कृष्ण प्रसाद केसरवानी, केके तिवारी, इंद्रलाल साहू, राधेकृष्ण गोस्वामी, नवरत्न कत्याल, विजय पांडे, प्रेमचंद पाठक, ओमप्रकाश शर्मा, नकुल प्रसाद केसरवानी, रामचंद्र श्रीवास्तव को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/पदुम नारायण

   

सम्बंधित खबर