राजभाषा में उत्कृष्ट कार्य करने पर एनटीपीसी ऊंचाहार को मिला सम्मान

कार्यक्रम के कुछ चित्र

रायबरेली,07जनवरी(हि.स.)। राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए गृह मंत्रालय भारत सरकार का उत्तर क्षेत्रीय राजभाषा में उत्कृष्ट प्रदर्शन का द्वितीय पुरस्कार एनटीपीसी ऊंचाहार को प्रदान किया गया। यह पुरस्कार राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र से एनटीपीसी ऊंचाहार के महाप्रबंधक (ईंधन प्रबंधन) के डी यादव व वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा) श्रीनिवास शर्मा ने राजभाषा सम्मेलन में प्राप्त किया। इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्र व आईआईटी जोधपुर के निदेशक शांतनु चौधरी ने भी इस सफलता पर बधाई दी।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मानव संसाधन प्रमुख रूमा दे शर्मा ने परियोजना प्रमुख को राजभाषा पुरस्कार सौंपा और उनके मार्गदर्शन के लिए उनका आभार प्रकट किया।

इस मौके पर परियोजना प्रमुख मनदीप सिंह छाबड़ा ने कहा कि एनटीपीसी ऊंचाहार विद्युत उत्पादन में अग्रणी रहने के साथ-साथ राजभाषा के उत्थान के प्रति भी पूर्ण रूप से समर्पित है। राजभाषा का प्रचार-प्रसार हमारी कार्य-संस्कृति में समाहित है। हिंदी हम भारतीयों के दिलों में वास करती है। राजभाषा के क्षेत्र में एनटीपीसी ऊंचाहार सभी के लिए रोल मॉडल बनकर सामने आया है।

मानव संसाधन प्रमुख रूमा दे शर्मा ने बताया कि एनटीपीसी ऊंचाहार के लिए ये गौरव का पल है जब विद्युत उत्पादन के साथ-साथ हम राजभाषा में भी नई बुलंदियां छू रहे हैं। भारत सरकार द्वारा राजभाषा पुरस्कार मिलना हमें राजभाषा में और अधिक कार्य करने के प्रति प्रेरित करता है।

वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा) श्रीनिवास शर्मा ने कहा कि हम अपने सभी कर्मचारियों को दैनिक तौर पर राजभाषा में कार्य करने व अपने सहयोगियों को राजभाषा में कार्य करने के लिए प्रेरित करने की अपील करते हैं उसी का यह परिणाम है कि हमारे प्रयासों को गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग ने पहचाना और राजभाषा में उत्कृष्ट कार्य करने पर हमारी परियोजना को सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/रजनीश/राजेश

   

सम्बंधित खबर