अशोकनगर: अयोध्या आंदोलन के कारसेवकों का होगा सम्मान, निकलेगी शोभा यात्रा

अशोकनगर,09 जनवरी(हि.स.)। बाबरी विध्वंस से श्रीराम जन्म भूमि को मुक्त कराने के साक्षी रहे कारसेवकों का भव्य सम्मान समारोह क्षेत्रीय सांसद डॉ.श्री कृष्णपाल सिंह यादव के मुख्य आतिथ्य में बुधवार 10 जनवरी को अग्रवाल पैलेस में आयोजित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि श्रीरामजन्म भूमि को बाबरी विध्वंस से मुक्त कराने के लिए 1988 से 1992 के बीच चले अयोध्या आंदोलन में गुना संसदीय क्षेत्र से कारसेवकों का महती योगदान रहा है। उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए यह कारसेवक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है।

आयोजन को लेकर श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन कारसेवक सम्मान समिति के द्वारा बड़े स्तर पर तैयारियां की गईं हैं। बताया गया है कि अयोध्या आंदोलन में कारसेवा के सूत्रधार रहे अशोकनगर,गुना, शिवपुरी क्षेत्र के कारसेवकों को समारोह में सांसद कृष्णपाल सिंह यादव द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

सम्मान समारोह दोपहर 01 बजे से प्रारम्भ होगा, तत्पश्चात आयोजन स्थल से एक भव्य शोभा यात्रा स्टेशन रोड़, गांधी पार्क, इंदिरा पार्क होते हुए श्री हनूमान मंदिर (मेन बाजार) पहुंचेगी। इस बीच जगह-जगह शोभा यात्रा का सामाजिक संस्थाओं, लोगों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ देवेन्द्र ताम्रकार

   

सम्बंधित खबर