राहुल गांधी हमेशा सच बोलेंगे: बबीता शर्मा

गुवाहाटी, 02 जुलाई (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) की वरिष्ठ नेता बबीता शर्मा ने भाजपा के कार्यों की निंदा की और कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी दुष्प्रचार कर रही है, क्योंकि उसे राहुल गांधी के सच बोलने का डर है। उन्होंने कहा “हर कोई जानता है कि राहुल गांधी ने संसद में क्या कहा है कि हिंदू धर्म में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा सत्ता में आई है, हमारे देश में हिंसा और नफरत का माहौल बना है। जिन राज्यों में भाजपा शासन कर रही है, वहां भी ऐसा ही माहौल है। उन्होंने यह भी पूछा कि अगर भाजपा राहुल गांधी के बयानों को झूठा साबित करना चाहती है तो आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को मणिपुर में हिंसा पर ध्यान देने के लिए मोदी सरकार से क्यों कहना पड़ा।

बबीता शर्मा ने कहा, ''जब गुजरात के गोधरा में सांप्रदायिक घटना हुई थी, तब तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को राज्य के मुख्यमंत्री रहे नरेन्द्र मोदी को राजधर्म निभाने की याद दिलानी पड़ी थी। ये घटनाएं बार-बार साबित करती हैं कि मोदी की राजनीति और मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा की राजनीति हिंसा और नफरत से भरी हुई है।''

उन्होंने कहा कि सच्चाई कभी छिपती नहीं है। भाईचारे की राजनीति के जरिए देश के लोगों को राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसा करने के बजाय मीडिया के सामने विभाजनकारी टिप्पणियां करती रही है।

उन्होंने कहा, ''विभाजनकारी राजनीतिक टिप्पणियां देश का विकास नहीं करती हैं। ऐसी टिप्पणियां देश को अस्थिर करती हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा नेताओं ने सत्ता के लिए बार-बार ऐसा किया है।'' उन्होंने सदन के रिकॉर्ड से राहुल गांधी के भाषण के कुछ हिस्सों को वापस लेने के लिए भी भाजपा सरकार की आलोचना की। इसलिए भाजपा और मोदी सरकार की धमकियां राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को कतई नहीं डरा सकतीं। राहुल गांधी के बारे में दुष्प्रचार करने का कोई मतलब नहीं है, वह हमेशा सच बोलेंगे।

असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष बेदब्रत बोरा ने आरोप लगाया कि सरकार राज्य में हाल की बाढ़ की स्थिति को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि बांधों की समय पर मरम्मत नहीं होने से आज राज्य के विभिन्न हिस्सों में लोग पीड़ित हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि सरकार हजारों करोड़ रुपये का कर्ज लेने के बावजूद बांधों का सही तरीके से निर्माण क्यों नहीं कर पाई। कांग्रेस नेता ने सरकार से यह भी मांग की कि वह इस बात की जांच करे कि कलियाबर में मंत्री केशव महंत के ठेकेदार भाई द्वारा बनाया गया बांध बार-बार क्यों टूट रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर