राजस्थान के कई जिलों में छाया घना कोहरा, ट्रेनें और हवाई सफर हुआ बाधित

जयपुर, 10 जनवरी (हि.स.)। राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में बुधवार सुबह से घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता भी काफी कम रही। वाहन चालकों को वाहन चलाने में परेशानी हुई। ट्रेन और हवाई जहाज भी कोहरे के कारण लेट हुए। रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर यात्रियों को घंटों परेशान होना पड़ा। जयपुर एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण फ्लाइट्स को लैंडिंग में परेशानी हुई। एयरपोर्ट के आस-पास आसमान में जहाज चक्कर लगाते रहे। जयपुर, सीकर, भरतपुर समेत कई शहरों में रात से कोहरा छाने लगा, जो सुबह देर तक रहा। कई शहरों में बुधवार को न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। अधिकांश इलाकों में सुबह गलन भरी सर्दी रही। सर्द हवा के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रदेश के जयपुर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, कोटा, सवाई माधोपुर, दौसा, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, टोंक, धौलपुर, करौली और बूंदी जिले में सवेरे कोहरा रहा। इन शहरों में बीती रात भी कोहरा रहने से गलन रही। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले कुछ दिन अब उत्तरी हवा के असर से पूरे राजस्थान में सुबह-शाम सर्दी तेज रहेगी। कुछ जगहों पर पाला पड़ने जैसी स्थिति हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो राजस्थान में विंड पैटर्न में हो रहे बदलाव के चलते अगले 24 घंटे बाद मौसम के मिजाज में बदलाव होने और पारे में आंशिक बढ़ोतरी से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सप्ताहभर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद अब उत्तर भारत से सर्द हवा सीधे मैदानी राज्यों में आना शुरू हो गई। इस कारण तापमान में गिरावट आई है। संभावना है कि अगले एक-दो दिन में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। मकर संक्रांति तक सर्दी तेज रहेगी।

कोहरे के कारण जयपुर एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स समय पर उड़ान नहीं भर सकी है। एयरपोर्ट पर कम दृश्यता के कारण विमान एयरपोर्ट पर ही खड़े है। सुबह दस बजे तक आधा दर्जन से ज्यादा फ्लाइटें तय समय पर उड़ान नहीं भर सकी है। विस्तारा की जयपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट यूके 566 को आज सुबह साढ़े छह बजे जाना था। लेकिन कोहरे की वजह से अटक गई। इसी तरह से सुबह 6:45 पर इंडिगो भोपाल जाने वाली फ्लाइट भी नहीं जा सकी। स्पाइसजेट की इंटरनेशनल फ्लाइट एसजी-57 भी लेट हो गई है। जो जयपुर से सुबह 9:25 बजे दुबई जाती है। अब दोपहर में जैसे जैसे मौसम साफ होगा। इन फ्लाइट्स को रवाना किया जाएगा। फ्लाइट्स की देरी के कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों को घंटों तक सर्दी में परेशानी का सामना करना पड़ा है।

प्रदेश के 13 जिलों में बीती रात पारा सामान्य से कम दर्ज किया गया। पारे में गिरावट के चलते कड़ाके की सर्दी का जोर रहा। शीतलहर और बर्फीली हवा से ठिठुरन महसूस हुई। अजमेर और सिरोही में न्यूनतम तापमान 6.2, अलवर 6.8, सिरोही 5.3, फतेहपुर, करौली 6.2, जैसलमेर 5.0, जोधपुर 7.8, बीकानेर 5.0, चूरू 6.8, श्रीगंगानगर 6.9, संगरिया 7.2 और जालोर में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर