हाथरस की घटना में डीग की महिला की मौत, दलदल में गिरीं दो और महिलाएं घायल

भरतपुर, 3 जुलाई (हि.स.)। हाथरस में हुई भगदड़ की घटना में डीग जिले के कुम्हेर इलाके के रहने वाली एक महिला की मौत हो गई। इस घटना में भरतपुर की दो महिलाएं घायल भी हुई हैं। भरतपुर और डीग जिले के सत्संग में शामिल होने गए लोग देर रात तक अपने घर पहुंच चुके हैं।

उत्तर प्रदेश प्रशासन की तरफ से जारी की गई लिस्ट में 81वें नंबर पर मृतक महिला का नाम है। महिला राजेंद्री (50) साबोरा गांव की रहने वाली है। जिसकी भोले बाबा के सत्संग के बाद हुई भगदड़ में मौत हो गई थी। भरतपुर से करीब 800 लोग सत्संग में शामिल होने गए थे। जिसमें से मलाह गांव की रहने वाली महिला रानी और गोलपुरा गांव की रहने वाली प्रेमवती घायल हैं। सबोरा गांव के रहने वाले सरपंच प्रतिनिधि गजेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को ऐंचेरा और साबोरा गांव की करीब 15 महिलाओं ने आपस में पैसे इकट्ठे कर एक गाड़ी की थी। उस गाड़ी से सभी महिलाएं नदबई गई थीं। नदबई से सोमवार शाम एक बस गई थी।

बस से ऐंचेरा और साबोरा गांव की महिलाएं हाथरस गई थीं। ऐंचेरा और साबोरा गांव की सभी महिलाएं सुरक्षित हैं। गजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक महिला का पति प्रसादी मजदूरी करता है। उसके दो लड़के हैं, जिसमें से एक लड़का मजदूरी करता है और दूसरा लड़का पढ़ाई करता है।

बता दें कि यूपी के हाथरस में भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई। इसमें 121 लोगों की मौत हो गई। 150 से अधिक घायल हैं। कई लोगों की हालत गंभीर है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हादसा हाथरस जिले से 47 किमी दूर फुलरई गांव में हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर