ग्रेड-पे की मांग पर अड़े स्मारक समिति के कर्मचारी गिरफ्तार, फिर छुटे

लखनऊ, 10 जनवरी(हि.स.)। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की स्मारक समिति के प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों की 1800 ग्रेड-पे की मांग वाली वार्ता के मध्य प्रबंधक प्रशासन राजीव कुमार से अभद्रता हुई। इसके बाद एलडीए के उपाध्यक्ष डा. इन्द्रमणि की शिकायत पर गोमती नगर थाने से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने कौशल आदित्य सहित सात कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया।

अम्बेडकर पार्क में स्मारक समिति के कर्मचारियों का ग्रेड-पे सहित तमाम बिन्दुओं पर प्रदर्शन चल रहा था। जिसमें बुधवार को वार्ता के लिए पहुंचे प्रबंधक प्रशासन से कौशल आदित्य के सहयोगी कर्मचारियों ने हाथापाई की। कुछ मिनटों पर गोमती नगर थाने की पुलिस ने कर्मचारियों की गिरफ्तारी की तो थाना के बाहर भी स्मारक समिति के कर्मचारी पहुंचे। जहां गोमती नगर थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी हुई।

गोमती नगर थाना का घेराव के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ता देखकर एसीपी के निर्देश पर गिरफ्तार किये गये कर्मचारियों को छोड़ दिया गया। थाने से बाहर आकर कर्मचारियों ने कहा कि पहले 1300-1400 ग्रेड-पे थी और अब ये व्यवस्था समाप्त हो गयी है। 1800 ग्रेड-पे की स्थिति वाली व्यवस्था को लागू कराने, अनियमित वेतनमान को नियमित कराने, भविष्य निधि के राशि को मिलने जैसी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा था। जिसमें प्रबंधक प्रशासन ने वार्ता की है। कुछ देर वार्ता के बाद उनकी ओर से पहले अभद्रता की गयी, जिसके विरोध में कर्मचारियों ने कुछ बातें कही।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में स्मारक समिति से जुड़े कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर से मैदान में होंगे। जब तक उनकी मांगों को नहीं माना जाता है, वह प्रदर्शन करते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/राजेश

   

सम्बंधित खबर