गणतंत्र दिवस समारोह तैयारी को लेकर हुई प्रशासनिक बैठक

पलामू, 10 जनवरी (हि.स.)। जिले में गणतंत्र दिवस समारोह मनाये जाने को लेकर बुधवार को प्रशासनिक-पुलिस पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में उप विकास आयुक्त रवि आनंद ने कहा कि पलामू जिला मुख्यालय में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह स्थानीय पुलिस स्टेडियम मेदिनीनगर में आयोजित किया जाएगा। जहां मुख्य अतिथि सुबह 9.05 बजे झंडोतोलन करेंगे। परेड और झांकियों के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने सभी आवश्यक तैयारियों को ससमय पूर्ण करने के निर्देश दिये। साथ ही झांकियों को आकर्षण रूप देने की बात कही।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्य समारोह के बाद प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय एवं पुलिस उप महानिरीक्षक कार्यालय में पूर्वाहन 10 बजे, पलामू समाहरणालय में पूर्वाहन 10.20 बजे, पलामू क्लब में पूर्वाहन 10.45 बजे और रेड क्रॉस भवन में पूर्वाहन 11 बजे झंडोत्तोलन होगा। इसके बाद सभी संबंधित कार्यालय प्रधान अपने-अपने कार्यालयों में झंडोत्तोलन करेंगे। विभिन्न क्षेत्रों जैसे खेल, सामाजिक, विकास सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जायेगा। गणतंत्र दिवस परेड में आई.आर.बी, जिला बल,गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी आदि के टुकड़ी भाग लेंगे।

नगर निगम के द्वारा शहर की विशेष साफ-सफाई की जायेगी। महापुरुषों की प्रतिमा की विशेष सफाई होगी। गणतंत्र दिवस के दिन पूरे जिले में मांस-मदिरा की बिक्री पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर