समारोह पूर्वक मनाया गया दिशोम गुरु शिबू सोरेन का जन्मदिन

जेएमएम कार्यकर्ताओ ने किया रक्तदान

पलामू, 11 जनवरी (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष दिशोम गुरु शिबू सोरेन का जन्मदिन पलामू में धूमधाम से मनाया गया। झामुमो पलामू के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा के नेतृत्व में इस सिलसिले में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

क्रीड़ा मोर्चा के तत्वावधान में कराटे एकेडमी से जेएमएम के जिला कार्यालय तक करीब तीन किलोमीटर मैराथन दौड़ हुई, जिसमें सैकड़ों बच्चों ने भाग लिया। सभी वर्ग के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही जिला समिति द्वारा केक काटा गया। मिठाईयां बांटी गई। झामुमो के कार्यकर्ताओं ने 20 यूनिट रक्तदान किया। गरीबों में कंबल और छोटे गरीब बच्चों को स्वेटर दिया गया।

सभी बच्चे और झामुमो पलामू के नेताओं ने शिबू सोरेन को बधाई दी और सबों ने झूम कर खुशियां भी मनाई। संचालन सचिव सन्नू सिद्धिकी ने किया। झामुमो युवा मोर्चा के अध्यक्ष सन्नी शुक्ला सचिव आशुतोष विनायक को सफल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए और क्रीड़ा मोर्चा के अध्यक्ष सुमित वर्मन और सचिव दीपक तिवारी को मैराथन के सफल आयोजन के लिए सम्मानित भी किया गया।

मौके पर जिलाध्यक्ष सिन्हा ने कहा कि झारखंडियों के दिलों पर राज करते हैं शिबू सोरेन जी। उनका जीवन संघर्ष हमारा पथ प्रदर्शन करता है। उनसे प्रेरित होकर ही हम सब आम जनमानस की सेवा करते हैं। झारखंड के निर्माण करने में गुरुजी ने ही सबसे बड़ी भूमिका निभाई है। आज झामुमो की सरकार है और उनके दिखाए रास्ते पर चलकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गरीब, आदिवासी, अल्पसंख्यक सबों की सेवा करते हुए झारखंड का नवनिर्माण कर रहे हैं।

सचिव सन्नू सिद्धिकी और अविनाश देव ने भी संबोधित किया और गुरुजी का जीवन परिचय दिया। सबों में कहा कि झारखंड के बच्चों को उनकी जीवनी पढ़नी चाहिए, उनके संघर्षों से सीखना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर