खूंटी के शीतल टोपनो और डेविड मुंडा को खेल रत्न सम्मान

खूंटी, 11 जनवरी (हि.स.)। रांची के होटल रेडिसन ब्लू में गत नौ जनवरी को आयोजित खेल रत्न सम्मान 2024 समारोह में खूंटी निवासी कराटे के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शीतल टोपनो तथा रग्बी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी डेविड मुंडा को झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन द्वारा खेल रत्न से सम्मानित किया गया। इस आयोजन में खूंटी के उक्त दोनों खिलाड़ियों सहित झारखंड के वैसे 24 प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने झारखंड के साथ ही देश का भी मान बढ़ाया है।

खूंटी के डेविड मुंडा जूनियर एशियन रग्बी चैंपियनशिप में वर्ष 2022 एवं 23 में लगातार दो बार भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। दूसरी ओर राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में झारखंड के लिए कई बार पदक जीतने वाले खूंटी के शीतल टोपनो वर्ष 2022 में सीनियर एशियन कराटे चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। दोनों खिलाड़ी लोयोला हाई स्कूल में संचालित प्रशिक्षण केंद्र में हेजाज असदक के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर झारखंड टेनिस संघ के अध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह, हरीश कुमार, शादाब खान, सचिन कुमार सहित कई खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह जानकारी हेेजाज अशदक ने गुरुवार को विज्ञप्ति जारी कर दी।

हिन्दुस्थान समाचार/अनिल

   

सम्बंधित खबर