गांव चलो अभियान के तहत रात्रि प्रवास करेंगे भाजपा नेता

लखनऊ, 11 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोकसभा चुनाव की तैयारी में पूरी तरह जुट गई है। गांव चलो अभियान के तहत भाजपा नेता गांव में रात्रि प्रवास कर चौपाल लगाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक लाभार्थी की दहलीज पर पहुंचकर सम्पर्क व संवाद स्थापित करना है।

भारतीय जनता पार्टी की लोकसभा चुनाव योजना बैठक में गुरुवार को आगामी संगठनात्मक तथा चुनावी कार्ययोजना पर मंथन हुआ। राजधानी लखनऊ में आयोजित योजना बैठक में पार्टी के कार्यक्रम व अभियानों के साथ ही मिशन 2024 की निश्चित सफलता की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावडे़ और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल की उपस्थिति में बैठक संपन्न हुई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण से आत्मनिर्भर भारत निर्माण का संकल्प पूर्ण हो रहा है। उत्तर प्रदेश से 80 लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य पूर्ण करके नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ ही सरकार के निर्णय व संगठन की विचारधारा को जनमानस के बीच लेकर सम्पर्क व संवाद की भाजपा परम्परा के अनुसार काम करना है। भाजपा कार्यकर्ता परिश्रम का पर्याय हैं और किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्षम है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने अपने सम्बोधन में मोदी व योगी के रूप में कुशल नेतृत्व और भाजपा कार्यकर्ताओं का अनुशासन व परिश्रम जीत की गारन्टी है। पार्टी द्वारा लोकसभा चुनाव की तैयारियां प्रारम्भ हो चुकी है, ऐसे में हमारी सक्रियता भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा व कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल जहां एक ओर गठजोड़ के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। वहीं हमें बूथ विजय का लक्ष्य लेकर प्रत्येक बूथ पर विजय की रणनीति पर काम करना है।

पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावडे़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सम्मानित जनता ने गांव, नगर की सरकार से केन्द्र की सरकार तक भारतीय जनता पार्टी को मुक्तहस्त से आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि गांव चलो अभियान में पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारी गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से सम्पर्क करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, राजनैतिक दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ के लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि गांव चलो अभियान के तहत गांव में रात्रि प्रवास करके चौपालों पर संवाद भी स्थापित करना है। साथ ही लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत प्रदेश में लोकसभा क्षेत्रों के समूह को 20 कलस्टरों में केन्द्रित करके कार्ययोजना तैयार करना है।

प्रत्येक बूथ पर वॉलराइटिंग करेगी भाजपा

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा में दो नवमतदाता सम्मेलन आयोजित किये जाएंगे तथा प्रत्येक कॉलेज कैम्पस तथा हॉस्टल में भी युवाओं से सम्पर्क की योजना तय की गयी है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि पार्टी ने प्रत्येक बूथ पर वॉलराइटिंग का कार्य भी प्रारम्भ कर दिया है। बूथ शक्तिकरण अभियान के तहत पार्टी प्रदेश के सभी बूथों पर मजबूत संरचना के द्वारा अभेद्य दुर्ग का निर्माण करेगी। बूथ समितियां बूथ पर संगठनात्मक जनसम्पर्क के साथ ही मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का काम करेगी तथा मतदान पूर्ण होने तक बूथ पर मुस्तैदी के साथ दायित्व का निर्वहन करेगी।

बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही तथा स्वतंत्र देव सिंह आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनंदन/आकाश

   

सम्बंधित खबर